राहुल-प्रियंका का संभल दौरा आज, गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचा काफिला, भारी सुरक्षा बल तैनात
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी आज उत्तर प्रदेश के संभल का दौरा करेंगे। दरअसल संभल में हाल ही में हिंसा में चार लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद से यहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल राहुल-प्रियंका गाजीपुर बॉर्डर पहुंच गए हैं, यहां भारी सुरक्षा बल तैनात है।
इस बीच राहुल-प्रियंका का यहां पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए पहुंच रहे हैं। अहम बात है कि दोनों के दौरे के पहले से ही यहां पर 10 दिसंबर तक प्रशासन ने किसी के भी आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

संभल में स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई थी जबकि शाही जामा मस्जिद का सर्वे करने के लिए एएसआई की टीम पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया था।
जिसके बाद पुलिस बल और लोगों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। दरअसल शाही जामा मस्जिद को लेकर एक याचिका दायर की गई है, जिसमे दावा किया गया है कि मस्जिद पहले हरिहर मंदिर था। जिसके बाद कोर्ट ने इसके सर्वे का आदेश दिया था।
संभल के डीएम राजेंद्र पेंसिया ने मंगलवार को पड़ोसी जिलों से अपील की थी कि वह राहुल गांधी को सीमा पर ही रोक लिया जाए और उन्हें संभल ना आने दिया जाए। डीएम ने पड़ोसी जिले बुलंदशहर, अमरोहा, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर के प्रशासन से अपील की है वह राहुल गांधी को संभल ना आने दें।
संभल के डीएम ने गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद के कमिश्नर को पत्र लिखा है। साथ ही अमरोहा और बुलंदशहर के एसपी को इस बाबत पत्र लिखा है। डीएम ने पत्र में लिखा कि 24 नवंबर को सर्वे के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया और जिसमे पथराव, गोलीबारी और हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया।
जिसके चलते संभल में हालात काफी संवेदनशील हो गए हैं। लिहाजा 10 दिसंबर तक किसी भी बाहरी के संभल में आने की अनुमति नहीं है। संभल में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा को लागू किया गया है।इस बीच यूपी कांग्रेस के इंचार्ज अविनाश पांडे ने संभल में राहुल गांधी के दौरे के लिए लोगों से समर्थन की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications