Sagar News: लोकसभा चुनाव के बीच बंडा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी की कार पर पत्थरों से हमला
मध्य प्रदेश में जहां एक और लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रचार- प्रसार का दौर तेजी से जारी है। इस बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। दरअसल, सागर की बंडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी की कार पर शनिवार रात 9 बजे पत्थर से हमला हुआ। कार के आगे का कांच फूट गया।
यह घटना बरायठा थाना इलाके में हुई। विधायक शादियों में शामिल होकर लौट रहे थे। हमला किया गया था गांव में, सिलोट नदी के घाट के पास। विधायक ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कराया है और उनके समर्थक भी थाने पहुंच गए थे।

वीरेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि वे शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शादियों में शामिल होने गए थे। बगरोई, रिछाई, शाहगढ़ की शादियों में शामिल होकर वापस बंडा लौट रहे थे। इसी दौरान सिलोट नदी के घाट पर किसी ने चलती गाड़ी पर पत्थर मारा। फ्रंट सीट पर जहां विधायक बैठे थे, पत्थर उसी साइड आकर लगा। कांच के टुकड़े उनके ऊपर गिरे, हालांकि, उन्हें चोट नहीं लगी।
लोधी ने कहा, 'पत्थर किसने मारा, पता नहीं? किसी पर संदेह नहीं है।' बरायठा थाना प्रभारी मकसूद अली ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि बंडा विधायक लोधी की गाड़ी पर हमला होना बड़ी घटना है। विधायक से बात हुई है। वे सुरक्षित हैं। मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर घटना की उच्चस्तरीय जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।












Click it and Unblock the Notifications