'मेरे पिता मरते-मरते बचे...', आजम खां के बारे में बताते हुए अब्दुल्ला बोले-ज्यादा बोलूंगा तो फिर...
रामपुर, 19 जनवरी: समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल्ला आजम खान हाल ही में जेल से बाहर निकले हैं। बीते मंगलवार को वह पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने एक न्यूज चैनल इंटरव्यू दिया। इस दौरान अब्दुल्ला ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर जवाब दिया, जेल में कटे अपने दिन और जेल में बंद अपने पिता पूर्व मंत्री आजम खान की हालत के बारे में बताया। अब्दुल्ला ने सर्वोच्च न्यायालय से इंसाफ की उम्मीद की है।

'मेरे पिता दो साल से जेल में बंद हैं'
अब्दुल्ला आजम खान ने कहा, 'हमारे परिवार के लिए दो साल से जेल में रहा। मेरी मां 10 महीने जेल में रहीं, जबकि मेरे पिता दो साल से जेल में हैं। मेरे ऊपर फर्जी कागज लगाने का आरोप है। मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है। मैं सर्वोच्च न्यायालय से इंसाफ की उम्मीद करता हूं।'

'मेरे पिता मरते-मरते बचे'
जेल में बंद आजम खान के बारे में बताते हुए अब्दुल्ला ने कहा, 'मेरे पिता को कोरोना हुआ, लेकिन 9 दिन बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया। मेरे पिता मरते मरते बचे।' उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पिता 9 बार विधायक और 2 बार सांसद रहे, लेकिन उन्हें सी क्लास जेल में रखा जा रहा है। वह 8 बाय 8 की कोठरी में बंद हैं।'

'मैं ज्यादा बोलूंगा तो फिर जेल में डाल देंगे'
अब्दुल्ला आजम ने कहा, 'हम पर भैंस चोरी, बकरी चोरी, मुर्गी चोरी, किताब चोरी के भी मुकदमे हैं। मैं इस बारे में ज्यादा नहीं बोलूंगा, क्योंकि मामला कोर्ट में है।' उन्होंने कहा, 'सारे मुकदमे झूठे हैं, हमारे साथ बहुत गलत सलूक किया गया है। मैं ज्यादा बोलूंगा तो फिर जेल में डाल देंगे।'

जेल से चुनाव लड़ेंगे आजम खान, अब्दुल्ला भी मैदान में
बता दें, समाजवादी पार्टी ने रामपुर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत शहर विधानसभा सीट से सांसद आजम खान को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि स्वार टांडा से उनके बेटे अब्दुल्ला आजम चुनाव लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications