Rampur byelection: आजम खान ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- वोट डालने से मना कर रही है पुलिस
समाजवादी पार्टी कद्दावर नेता आजम खान ने रामपुर पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो जनता को मतदान नहीं करने दे रही है। उन्हें धमका रही है और लोगों को घरों के अंदर कैद किया जा रहा है।

Rampur byelection: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभी सीट, रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। उपचुनाव के बीच समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक आजम खान ने रामपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आजम खान ने कहा, 'पुलिस रामपुर की जनता को धमका रही है और वोट डालने से भी मना कर रही है। जिस वजह से लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया है।'
आजम खान ने सोमवार 05 दिसंबर को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत की। इस दौरान आजम खान ने कहा कि उपचुनाव में बर्बरता की जा रही है। लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, पीटा जा रहा है। पुलिस मोहल्लों में जा रही है और लोगों को कह रही कि वोट डालने मत जाना। एक मोहल्ले में जाकर पुलिस ने लोगों को इतना धमकाया कि उन्होंने अपने घरों को बंद कर लिया और डर के मारे घरों में ताला डालकर पलायन कर गए। हर जगह कहा जा रहा कि वोट डालने मत जाना।
तो वहीं, समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया गया है। जिसमें बताया गया है कि रामपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपाई पुलिस की गुंडागर्दी। समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को डंडे मारकर भगाया जा रहा है। इतना ही नहीं, भाजपा पर बूथ कैप्चर करने का आरोप भी लगाया। सपा ट्वीट करते हुए लिखा, 'रामपुर में बूथ संख्या 404 405 406 को भाजपाइयों के द्वारा कैप्चर कर लिया गया है। बूथ संख्या 84 बगीचा आमना में वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। बूथ संख्या 401 402 403 बिसरा गांव में बैरिकेडिंग लगा दी गई है।'












Click it and Unblock the Notifications