तीन तलाक बिल: पीएम मोदी पर आजम के तंज, 'उनके लिए तो कोई कानून नहीं आया...'
Rampur news, रामपुर। सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने एक बार फिर अपने तंजिया अंदाज में तीन तलाक बिल पास होने के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा और कहा कि सबसे बड़ी संवैधानिक कुर्सी पर बैठे व्यक्ति की पत्नी कहां फिर रही हैं? वह कहां रख रहे हैं अपने घर में, उनके बारे में तो कोई कानून नहीं आया? इसके अलावा मनमोहन सिंह को लेकर बन रहीं फिल्म में अनुपम खैर द्वारा किरदार निभाये जाने पर कहा कि यह नौटंकी वाले लोग हैं, पैसे दो, जो चाहो बना लो, जहां चाहो नचवा लो।

'आप न बताएं कि हम क्या करेंगे...'
जिला रामपुर अपने गृह जनपद पहुंचे पूर्व मंत्री आजम खान ने लोकसभा में तीन तलाक को लेकर पास हुए बिल को लेकर कहा कि हमारे कहने से कुछ होता तो मोदी जी पांच राज्य क्यों हार जाते? भई हम कहां कहते हैं कि आपके फेरे कैसे होंगे? आप कैसे तलाक देंगे, औरत को जिंदा रखेंगे, जलायेंगे क्या करेंगे? अब हम कैसे नमाज पढ़ेंगे? कैसे रोजा रखेंगे? कैसे शादी-ब्याह करेंगे कैसे तलाक लेंगे? उसमें पूरा एक प्रोसिजर कुरान में दिया हुआ है। हर मजहब का पर्सनल लॉ होता है।

'हिन्दू, मुस्लिम पर्सनल लॉ'
उन्होंने कहा कि हिन्दू, मुस्लिम पर्सनल लॉ है। आप लाख कानून बनाइये, मानना तो हमें है, हम नहीं मानेंगे। जिन औरतों को नहीं रहना है शौहरों के साथ, वो आज भी नहीं रहतीं। अब इतने बड़े संवैधानिक कुर्सी पर बैठे हुए व्यक्ति की पत्नी कहां फिर रही हैं, कहां रख रहे हैं अपने घर में? उनके बारे में तो कोई कानून आया नहीं। ये जो औरतें निकाल दी गई हैं उन्हें कैसे घर वापिस लाया जाए और कितनी हमदर्दी है मुस्लिम महिलाओं से...जकिया जाफरी से क्यों नहीं है?

अनुपम खेर पर ये कहा...
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर बन रही फिल्म में अनुपम खेर के किरदार निभाने पर पूर्व मंत्री आजम खान ने कहा कि वो फ्री थेाड़ी ही निभा रहे हैं। चौगुने पैसे लिये हैं उन्होंने। यह तो नौटंकी वाले लोग हैं पैसे दो, जहां चाहे नचवा लो। अदाकार लोग हैं कहीं नाच लिये, कहीं गा लिये, कहीं रो लिये, कहीं हंस लिये। अब किसी फिल्म में देखो दिलीप कुमार शहजादा सलीम, गंगा जमुना में डाकू, इनका क्या, इन्हें जो चाहो बना लो। पैसे दो जो चाहो बना लो।
ये भी पढ़ें- शहीद हेमराज की पत्नी की मौजूदगी में मथुरा जंक्शन पर फहराया गया 100 फुट ऊंचा तिरंगा












Click it and Unblock the Notifications