पति को बेहोश कर पत्नी ने पैरों में लगाया करंट, खुद ने हाथ में पहन रखी थी प्लास्टिक की थैली
चूरू, 17 अगस्त। राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर तहसील के गांव अमरसर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति को पहले तो नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और फिर उसके पैरों में तार से करंट लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की है।

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा
मीडिया से बातचीत में सरदाशहर पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल संजय बसेरा ने बताया कि पीड़ित महेंद्र दान पुत्र देवी दान चारण का अभी बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। महेंद्र ने पर्चा बयान देकर पत्नी पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। उसने ने पर्चा बयान में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे बजे ड्यूटी से घर पर आया था। वह सोलर प्लांट में काम करता है। पत्नी सुमन ने उसे सब्जी-रोटी लाकर दी। खाना खाते खाते वो बेहोश हो गया। फिर देर रात उसे अचानक करंट के झटके महसूस हुए।

दोनों पैरों पर तार बंधे
उसकी आंखें खुली तो उसने अपने दोनों पैरों पर तार बंधे पाए। पत्नी सुमन ने हाथ में प्लास्टिक की थैली पहनकर करंट का बटन दबा रही थी। करंट लगने की वजह से महेंद्र दुबारा बेहोश हो गया। उसके बाद 13 अगस्त को लगभग दो बजे उसे होश आया। तब भाई कमल व पिता देवीदान ने उसे बताया कि देर रात उसकी पत्नी सुमन तुम्हारी बड़ी मां के पास आई थी और उसे यह कहकर बुला कर लाई कि आपके बेटे को करंट लग गया।

शरीर कमरे में चारपाई पर बंधा था
तब वहां सब लोग आए तो देखा कि उसका शरीर कमरे में चारपाई पर बंधा था। करंट लगने से पैर झुलसे हुए थे। उसके बाद परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर आए। पीड़ित महेंद्र दान ने पर्चा बयान में यह भी बताया कि पत्नी सुमन उसे जान से मारना चाहती है। पुलिस के पर्चा बयान के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि वारदात को अंजाम दिए जाने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications