Rajasthan: जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध के 28 दिन बाद क्या है हाल, हो रही पानी की निकासी
Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर, अजमेर और टोंक की लाइफलाइन बीसलपुर बांध में पानी की तेज आवक लगातार जारी है। जिसके चलते बांध से 28वे दिन पानी की निकासी की जा रही है।
प्रदेश में बारिश का दौर थम चुका है, मगर प्रदेश के मुख्य बांध बीसलपुर में पानी की धीमी आवक जारी है, जिसके चलते गुरुवार को बीसलपुर बांध से 28वे दिन भी पानी की निकासी किये जाने का क्रम बना हुआ है। इस समय बांध का एक गेट खोलकर 1503 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है।
बारिशों का दौर थम जाने के बाद भी टोंक जिले के बीसलपुर बांध में धीमी गति से पानी आने का क्रम बना हुआ है, जिससे गुरूवार को 28वे दिन भी बीसलपुर बांध से पानी की निकासी जारी है।

बीसलपुर नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांध में पानी के भराव का अधिकतम स्तर 315.50 आरएल मीटर मेन्टेन किया जा रहा है। इससे अधिक आ रहा पानी, गेट नम्बर नौ को 0.25 मीटर खोलकर निकाला जा रहा है। इस समय बांध से 1503 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। उधर बांध में पानी की आवक का मुख्य स्रोत त्रिवेणी नदी पर आज गुरुवार को सुबह 8 बजे पानी का गेज 2.80 मीटर नापा गया है।
गौरतलब है कि इस बार बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में अच्छी बारिश से बीसलपुर बांध न केवल लबालब हो गया है, बल्कि शुरुआती दौर में पानी की अत्यधिक आवक के चलते छह सितम्बर को बांध के छह गेट खोलकर अतिरिक्त पानी को बनास नदी में छोड़ना शुरू किया गया था।
बांध का अधिकतम जल स्तर 315.50 आरएल मीटर निर्धारित है। इसे मेन्टेन रखते हुए अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने का क्रम शुरू हुआ, जो अभी भी जारी है, हालांकि पानी की आवक उत्तरोत्तर धीमी होते जाने से बांध के गेट भी एक एक करके बंद किये जाते रहे। फिलहाल बांध का मात्र एक गेट खुला रखा गया है।
बीसलपुर बांध की अधिकतम भराव क्षमता 38.70 टीएमसी है, जिसमें से 75% पानी पेयजल और सिंचाई के लिए आरक्षित होता है। ईसरदा बांध का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, जिसकी वजह से बीसलपुर से बहने वाला पानी बनास नदी से होकर चंबल नदी में जा रहा है।
बांध से अभी तक इतना पानी बह चुका है, जिससे जयपुर, अजमेर व टोंक सहित कई बड़े आबादी क्षेत्रों के लोगों की डेढ़-दो साल तक प्यास बुझाई जा सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications