राजस्थान : झोपड़ी में आग लगने से 2 मासूम सगे भाई जिंदा जले, लोग चाहकर भी दोनों को नहीं बचा सके
जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के जसवंतपुरा तहसील के सिन्धरा गांव में स्थित एक खेत में बनी झोपड़ी में भीषण आग लगने से झोपड़ी में सो रहे दो बच्चे जिंदा जल गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलते ही रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल, जसवंतपुरा उपखंड अधिकारी पुष्पा कंवर सिसोदिया, तहसीलदार रामलाल, जसवंतपुरा पुलिस, रामसीन पुलिस, राजस्व भू-अभिलेख निरीक्षक डुगराराम गोयल, पटवारी राजेंद्र बोहरा मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। वहीं, परिजनों को ढांढस बंधाया।
जानकारी के अनुसार सिन्धरा गांव में स्थित किरण कुमार पुत्र बबाजी भील के खेत में बनी पारस पुत्र हिमाजी जाति भील निवासी पावली की झोपड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। उस दौरान झोपड़ी में कमलेश पुत्र पारस उम्र 9 वर्ष व राहुल पुत्र पारस उम्र 7 वर्ष सो रहे थे। आग की चपेट में आने से दोनों जिंदा जल गए। आग लगने पर आस-पास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया, मगर तब दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
विधायक देवल ने सरकारी मदद का दिलाया भरोसा
रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल घटना स्थल पर पहुंचकर कर मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और उनके पिता पारस को ढांढस बंधाया। विधायक देवल ने वहां पर मौजूद उपखण्ड अधिकारी जसवंतपुरा, पुलिस थानाधिकारी रामसीन को पीड़ित परिवार को तुरंत सरकारी मदद दिलाने के लिए निर्देशित किया और पीड़ित को भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।












Click it and Unblock the Notifications