राजस्थान में पिता की मौत के बाद चार साल की बेटी खुश्मिता मीणा को पहनाई गई 'पगड़ी'
सराहनीय पहल : राजस्थान में पिता की मौत के बाद चार साल की बेटी खुश्मिता मीणा को पहनाई गई 'पगड़ी'
सीकर। राजस्थान के शेखावाटी अंचल में सामाजिक बदलाव की नई बयार बह रही है। यहां माता-पिता की अर्थी को बेटियां द्वारा कंधा दिए जाने और शादियों में बेटियों को घोड़ी पर बैठाकर उनकी बिनौरी निकाले जाने की तस्वीरें आए दिन देखने को मिलती हैं। अब बेटा-बेटी को एक समान मानने जैसा मामला राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में सामने आया है।
Recommended Video

धर्मेंद्र मीणा की हार्ट अटैक से मौत
जानकारी के अनुसार नीमकाथाना के गांवड़ी मोड़ निवासी धर्मेंद्र मीणा का हार्ट अटैक की वजह से 24 जनवरी को निधन हो गया था। 32 वर्षीय धर्मेंद्र मीणा के बेटा नहीं है। सिर्फ चार साल की एक बेटी खुस्मिता मीणा (गुन्नू) है। गुन्नू के अलावा परिवार में माता पिता व पत्नी राखी मीणा है।

11वें दिन होती है पगड़ी की रस्म
राजस्थान में किसी व्यक्ति की मौत पर 11वें दिन एक रस्म होती हैं, जिसमें मृतक के बेटे को उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है। इस रस्म को सामान्यतया पगड़ी की रस्म कहा जाता है। इसमें समाज के लोग एक जाजम पर बैठते हैं और उस बेटे को कपड़े आदि भेंट करते हैं और उसे पगड़ी पहनाते हैं।

भर आई सबकी आंखें
धर्मेंद्र की मौत के बाद पगड़ी की रस्म निभाने का वक्त आया तो इस मीणा परिवार ने सराहनीय फैसला लिया और चार साल की बेटी खुस्मिता मीणा को ही बेटा मानकर पगड़ी की रस्म भी उसी से निभाई गई। मासूम बेटी ने पगड़ी पहनी तो हर किसी की आंखें नम हो गई।












Click it and Unblock the Notifications