राजस्थान : दो ट्रकों में भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला
दौसा। राजस्थान के दौसा के मेंहन्दीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के ठिकरिया गांव में रविवार को दो ट्रकों में भिड़ंत के बाद आग लग गई, जिससे एक चालक जिंदा जल गया। राजस्थान में सप्ताहभर में यह दूसरी घटना है। इससे पहले जयपुर में दिल्ली हाईवे पर भी हादसे के बाद ट्रक में आग लगने के कारण एक युवक को जान गंवानी पड़ी थी।

दौसा में हुए हादसे में जयपुर से भरतपुर की ओर जा रहे दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई थी। इसके बाद लगी आग में पीछे वाले ट्रक का चालक जिंदा जल गया। ट्रक में सीमेंट कट्टे भरे थे, जो आगे चल रहे सेनेट्री के सामान से भरे ट्रक से टकरा गया। ट्रकों में भिड़ंत और फिर आग लगने पर लोगों ने पुलिस व दमकल को फोन किया। महुआ से आई दमकल ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, मगर तब तक ट्रकों में भरा सामान खाक हो गया और चालक को भी बचाया नहीं जा सका।
इस दौरान हाईवे 21 पर यातायात रोकना पड़ा। ट्रकों की आग हल्की होने पर यातायात को एक तरफा कर धीमी गति से निकाला गया। मौके पर पहुंची बालाजी थाना पुलिस ट्रकों को जब्त कर चालक का शव सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। फिलहाल मृतक चालक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications