सुजानगढ़ उपचुनाव परिणाम : 13वें राउंड में कांग्रेस को बढ़त, BJP को पछाड़ते हुए दूसरे नंबर पर पहुंची RLP
चूरू, 2 मई। राजस्थान उपचुनाव 2021 में मतगणना जारी है। सबसे चौंकाने वाला रुझान चूरू जिले की सुजानगढ़ सीट से देखने को मिल रहा है। यहां पर कांग्रेस व भाजपा में सीधी टक्कर देखने को नहीं मिल रही है। सुजानगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी है जबकि भाजपा व आरएलपी में दूसरे नंबर के लिए टक्कर हो रही है।

अभी तक अंतिम चुनाव परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। ये रुझान हैं। शाम चार बजे तक स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि सुजानगढ़ उपचुनाव में भाजपा की टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष था। बता दें कि सुजानगढ़ सीट कांग्रेस विधायक मास्टर भंवर लाल मेघवाल के निधन के कारण खाली हुई थी।
कहां कहां हुए थे उपचुनाव
बता दें कि राजस्थान के राजसमंद, भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा और चूरू जिले की सुजानगढ़ सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। तीनों ही सीटों पर 17 अप्रैल को वोट डाले गए थे।
राजस्थान उपचुनाव के प्रत्याशी
सहाड़ा सीट
भाजपा से रतनलाल जाट और कांग्रेस से गायत्री देवी
सुजानगढ़ सीट
भाजपा से खेमाराम मेघवाल और कांग्रेस से मनोज मेघवाल
राजसमंद सीट
भाजपा दीप्ति माहेश्वरी और कांग्रेस से तनसुख बोहरा
इन विधायकों की मौत से खाली हुई सीटें
तीनों सीटों विधायकों की मौत की वजह से खाली हुई थी। राजसमंद सीट पर भाजपा की दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की पुत्री दीप्ति माहेश्वरी, कांग्रेस ने दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी गायत्री देवी को सहाड़ा और दिवंगत कैबिनेट मंत्री भंवर लाल मेघवाल के पुत्र मनोज मेघवाल को सुजानगढ़ से मैदान में उतारा गया है।
60 फीसदी लोगों ने डाले थे वोट
बता दें कि 17 अप्रैल को राजसमंद, सहाड़ा व सुजानगढ़ में पिछली बार के चुनाव की तुलना में 13 फीसदी कम वोटिंग हुई है। राजस्थान उपचुनाव 2021 में कुल 60.71 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जबकि 2018 में 73 फीसदी वोटिंग हुई थी।
कहां-कितने प्रतिशत मतदान हुआ था
राजस्थान उपचुनाव में सर्वाधिक 67.18 फीसदी मतदान राजसमंद, सुजानगढ़ में 59.20 फीसदी और हॉट सीट बनी सहाड़ा विधानसभा सीट पर सबसे कम 56.56 फीसदी वोट पड़े। 2018 के विधानसभा चुनाव से तुलना करें तों राजसमंद में 9.41 प्रतिशत, 13.29 प्रतिशत और सहाड़ा में 17 फीसदी वोटिंग कम हुई है।












Click it and Unblock the Notifications