सचिन पायलट ने कहा राजस्थान में कांग्रेस को पहले से अधिक सीटें मिलेंगी
राजस्थान में चुनाव संपन्न होने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि मुझे लगता है कि अच्छा चुनाव लड़ा गया है, सबने अपनी बात रखी है। अंतिम निर्णय जनता ने कर दिया है, भविष्य पेटी में बंद है।
लेकिन मैं आशावान हूं कि जनता एक बार फिर से कांग्रेस को मौका देगी और अच्छे बहुमत के साथ जब 3 दिसंबर को मतगणना होगी तो हम लोगों को जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। हमारे सामने जो भी चुनाव लड़े हैं, प्रतिद्वंदी हैं, राजनीतिक प्रतिस्पर्धा है, उन सबका धन्यवाद अपनी बात रखने का। लोकतंत्र के इस मेले में, उत्सव में सबकी भागीदारी है, सबको भाग लेने का अधिकार है।

सचिन पायलट ने कहा कि यह चुनाव अच्छा संपन्न हुआ है, सबको इंतजार रहेगा 3 तारीख का। मैं ऐसा मानता हूं कि पहले से ज्यादा बहुमत हमे मिलना चाहिए। हमारा जो अभियान था, हमारे जो मुद्दे थे, हमारा जनता के साथ जो जुड़ाव देखने को मिला वह बेहतरीन था।
पायलट ने कहा कि सिर्फ तेलंगाना में चुनाव रह गया है, वहां पर मैं पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए जाऊंगा। वहां पर 28 को चुनाव अभियान समाप्त होगा। सभी राज्यों में कांग्रेस की स्थिति बेहतर है, मुझे पूरा भरोसा है कि हम सरकार बनाएंगे। उम्मीद करता हूं पहले से ज्यादा हमे बहुमत मिलेगा। पहले हमे चुनाव जीतना है, मैं हमेशा जनता के जनादेश को स्वीकार करता हूं, आज भी कर रहा हूं, मुझे लगता है कि जनता ने हमे अच्छा वोट दिया है।
जब सचिन पायलट से मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि परिणाम 3 तारीख को आएगा, परिणाम आने के बाद हम अगर बहुमत का आंकड़ा पार करेंगे तो उसके बाद कांग्रेस पार्टी के विधायक और कांग्रेस नेतृत्व यह तय करेगा कि किसको क्या जिम्मेदारी निभानी है, यह काम 3 तारीख के बाद होगा। अभी तो हम सब जनता का धन्यवाद कर रहे हैं कि उन्होंने वोट डाला, अमन चैन से यह चुनाव संपन्न हुआ उसके लिए सबको धन्यवाद देना चाहूंगा, हर किसी ने इसमे अपना योगदान दिया।












Click it and Unblock the Notifications