Ruma Devi Barmer: राजस्थान में 22 हजार महिलाओं को रोजगार देने वालीं रूमा देवी ने अब छेड़ी तगड़ी मुहिम
राजस्थान के बाड़मेर में रूमा देवी ने शी इज डिजिटल इंडिया का साक्षरता अभियान शुरू किया!
Ruma Devi Barmer Rajasthan: 5 साल की उम्र में मां को खोया। दादी के पास रहकर पली-बढ़ी। कई किमी दूर से बैलगाड़ी पर पानी ढोया। आठवीं तक ही पढ़ पाईं। बेइंतेहा गरीबी देखी। पाई-पाई को मोहताज हुईं और बाल विवाह तक का दंश झेला, मगर आज हजारों महिलाओं की तरक्की की उम्मीद बन चुकी हैं। नाम है रूमा देवी।
राजस्थान में रूमा देवी का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे बाड़मेर से रूमा देवी ने नारी शक्ति पुरस्कार और हार्वर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान तक का सफर तय कर लिया। आज हम रूमा देवी का जिक्र इसलिए कर रहे हैं कि इन्होंने महिलाओं के लिए डिजिटल साक्षरता की मुहिम छेड़ रखी है।

रूमा देवी का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में सामाजिक कार्यकर्ता और अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प डिजाइनर डॉ. रूमा देवी कहती हैं कि उनके एनजीओ के ट्रेनर रूपेश कुमार, मोहन लाल व राघाराम बालोतरा व बाड़मेर की गांव-गांव ढाणी-ढाणी जाकर महिलाओं को डिजिटल साक्षर कर रहे हैं ताकि वे अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री कर सके। उन्हें ऑनलाइन पेमेंट प्राप्त करने की बेसिक जानकारी हो सके।

जनवरी तक सात हजार का लक्ष्य
रूमा देवी कहती हैं कि बाड़मेर की ग्रामीण विकास एवं चेतना संस्थान और मेक्सॉक्सो ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में 'शी इज डिजिटल इंडिया' मुहिम नवंबर से शुरू की गई। इसके तीसरे चरण में जनवरी 2024 तक कुल 7 हजार महिलाओं को बेसिक डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण दिया जाना है।

कुल 20 हजार महिलाओं में देंगे प्रशिक्षण
रूमा देवी के अनुसार अभी तक इस मुहिम में 13 हजार 6 सौ महिलाओं को बेसिक डिजिटल शिक्षा प्रदान की जा चुकी है। कुल 20 महिलाओं बेसिक डिजिटल शिक्षा देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे आसानी से पूरा कर लिया जाएगा। इससे पहले बाड़मेर, जैसलमेर व बीकानेर की 22 हजार महिलाओं को हस्तशिल्प उत्पाद तैयार करवाकर रोजगार मुहैया करवाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Ruma Devi : कभी पैसे के अभाव में बेटे को खोया, अब दूसरों की जान बचाने में रूमा देवी ने खर्च किए ₹ 2 करोड़
'शी इज डिजिटल इंडिया' मुहिम
संस्थान सचिव विक्रम सिंह कहते हैं कि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में स्थित ग्रामीण विकास एवं चेतना संस्थान द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं व गतिविधियों के साथ ही ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 'शी इज डिजिटल इंडिया' मुहिम शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें- Ruma Devi Barmer : 25 दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुंचीं रूमा देवी, पूरा प्रोग्राम जानकर हर भारतीय को होगा गर्व

इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म में टाइपिंग करना व जानकारी प्राप्त करना, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, अमेजोन, फ्लिपकार्ट इत्यादि प्लेटफ़ॉर्म से बिजनेस करना, ऑनलाइन बैंकिंग और स्मार्टफोन का सदुपयोग किस तरह से करना चाहिए इत्यादि जानकारियाँ भी प्राप्त कर रही हैं।

इन गांवों में दे रहे प्रशिक्षण
रूमा देवी के अनुसार प्रशिक्षण के तहत चौहटन, धनाऊ, सेड़वा, बाड़मेर ग्रामीण, सिणधरी, गुडामालानी, धोरीमना, पायला कला, शिव, गडरा रोड, रामसर आदि ब्लॉकों के गांवों को शामिल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications