Ruma Devi Barmer : 25 दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुंचीं रूमा देवी, पूरा प्रोग्राम जानकर हर भारतीय को होगा गर्व
जयपुर, 5 अगस्त। राजिविका की ब्रांड एंबेसडर राजस्थान के बाड़मेर की रूमा देवी को अमेरिका से फिर बुलाया आया है। अपनी 25 दिवसीय यात्रा पर रूमा देवी शुक्रवार को अमेरिका पहुंच चुकी हैं। सामाजिक कार्यकर्ता, अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर, राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. रूमा देवी संयुक्त राज्य अमेरिका में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, कान्फ्रेंस, फैशन शो एवं सम्मान समारोहों में ग्रामीण भारत की शिल्पकलाओं को बढ़ावा देंगीं।

अमेरिका बुलाया जाना हमारे लिए गर्व से ज्यादा अच्छे अवसर की बात
डॉ. रूमा देवी ने कहती हैं कि एक बार फिर से अमेरिका बुलाया जाना हमारे लिए गर्व से ज्यादा अच्छे अवसर की बात है। उनकी यह अमेरिका यात्रा पूरी तरह से अपनी ग्रामीण बहनों की प्रगति को समर्पित रहेगी। संयुक्त राज्य के संगठनों को भारतीय हस्तशिल्प, पहनावा व संस्कृति से रूबरू करवाकर अपने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास रहेगा।

रूमा देवी 6 से 7 अगस्त तक न्यूयॉर्क में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेंगीं
बता दें कि रूमा देवी 6 से 7 अगस्त तक न्यूयॉर्क में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेकर हस्तशिल्प एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों सहित अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा कर प्रवासी भारतीयों को राजस्थान एवं भारतीय कला और संस्कृति से रूबरू करवाएंगीं। 8 से 10 अगस्त तक लॉस वेगास सिटी में आयोजित होने वाले इंटरनेशनल ट्रेड शो में हिस्सा लेंगी। 11 अगस्त को लॉस एंजेलिस में भारत की आर्ट एंड क्राफ्ट के प्रमोशन हेतु विभिन्न संगठनों के साथ कॉन्फ्रेंस करेंगी।

कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक प्रवासी भारतीय शामिल होंगे
12-13 अगस्त को अटलांटिक सिटी, न्यूजर्सी में महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर और ब्रूहन महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित होने वाली बीएमएम बिजनेस कॉन्फ्रेंस, एग्जीबिशन, बिजनेस समिट में डॉ. रूमा देवी को अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में उत्तरी अमेरिका के 25 हजार से अधिक प्रवासी भारतीय शामिल होंगे।

स्पीकर के तौर पर आमंत्रित किया गया था
अमेरिका के वॉशिगंटन, न्यूयॉर्क, ह्युस्टन सहित कई शहरों में विभिन्न संगठनों और प्रवासी भारतीयों द्वारा 14 से 31 अगस्त तक अलग- अलग जगहों पर सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। रूमा देवी को इससे पहले 2020 में अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की इंडिया कान्फ्रेंस में स्पीकर के तौर पर आमंत्रित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications