Rajasthan Weather: बेमौसम बारिश ने फेरा किसानों की फसल पर पानी, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
राजस्थान में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है, लेकिन इसी बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया।

Rajasthan Weather News: राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर चल रहा है। राजस्थान में ओलो के साथ आसमान से हुई बारिश कहर बनकर बरसी है। पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ रविवार और सोमवार दोनों दिन जमकर बारिश हुई। रविवार को अलवर, जयपुर, बांसवाड़ा सहित कई जिलों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई, जबकि बाकी कई जिलों में ओलो के साथ जमकर पानी बरसा। मौसम विभाग ने राजस्थान में 5 दिन तक बारिश-ओले और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
किसानों को भारी नुकसान
बारिश के चलते किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ओलो के कारण खेतों पर लहरा रही फसलें चौपट हो गई। फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है। फसल खराबे का मुद्दा राजस्थान विधानसभा में गूंजा। कई विधायकों ने किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की है। मार्च के महीने में तीन बार बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को तबाह कर दिया है।
गेहूं और चने की फसल बर्बाद
बूंदी, भरतपुर, दौसा सहित कई जगहों पर रविवार रात को चना के आकार के ओलों की चादर बिछ गई। किसानों की मानें तो गेहूं में 80 फीसदी और चने की 50 प्रतिशत तक फसल खराब हो चुकी है। क्योंकि खेतों में फसल कटी पड़ी थी, जो अब पानी भरने से बेकार हो गई। जहां पर किसान ने अपनी फसल नहीं काटी वहां तेज हवाओं से खेतों में बिछ गई है।
राजस्थान का मौसम बदला, ठंड का अहसास
वहीं लगातार दो तीन से हो रही बारिश के चलते राजस्थान का मौसम बिल्कुल बदल चुका है। मार्च के महीने में जहां भीषण गर्मी का अहसास हो रहा था, वहीं अब ठंड महसूस होने लगी है। रविवार के बाद से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications