Rajasthan Teacher Transfers: राजस्थान में होंगे शिक्षकों के तबादले, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिया संकेत
Rajasthan Teacher Transfers 2025: राजस्थान के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में लंबे समय से अटके शिक्षक तबादलों पर जल्द ही फैसला हो सकता है। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को बीकानेर दौरे के दौरान संकेत दिया कि तबादलों पर मंथन जारी है और जल्द प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदी मीडियम स्कूलों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में विभाग सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
तबादले होंगे, प्रक्रिया पर मंथन जारी
राज्य के हजारों शिक्षक तबादलों का इंतजार कर रहे हैं। गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बावजूद तबादलों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी थी। इस पर मदन दिलावर ने कहा, "तबादले जरूर होंगे। इस पर मंथन जारी है। प्रक्रिया की घोषणा जल्द की जाएगी।"

कार्य विभाजन पर कमेटी गठित होगी
शिक्षा विभाग में शिक्षकों और मंत्रालयिक कर्मचारियों के बीच कार्य विभाजन को लेकर विवाद बना हुआ है। इस पर मंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों से बातचीत हो चुकी है और अब एक कमेटी बनाई जाएगी, जो इस विवाद का स्थायी समाधान सुझाएगी।
रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति
राज्य के महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। अब हिंदी मीडियम स्कूलों की बारी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोर्ट में लंबित एडिशनल विषयों से जुड़े मामलों का समाधान निकालने के बाद प्रमोशन और डीपीसी के ज़रिए तृतीय श्रेणी शिक्षकों को वरिष्ठ पदों पर नियुक्त किया जाएगा।
बीएड कॉलेजों की मान्यता को लेकर भी आश्वासन
बीकानेर और अजमेर के सरकारी बीएड कॉलेजों की मान्यता को लेकर उपजे सवालों पर भी मंत्री ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ये कॉलेज शिक्षा विभाग के अधीन हैं और यहां स्थाई स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत' पर सफाई
हाल ही में विवादों में आई 11वीं-12वीं की पूरक इतिहास पुस्तक 'आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत' को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि इस किताब में गांधी परिवार को महिमामंडित किया गया है, जबकि अन्य महत्वपूर्ण नेताओं का जिक्र नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुस्तकें अब छात्रों को नहीं पढ़ाई जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications