राजस्थान सरकार ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें क्या है नई कीमतें
जयपुर, 16 नवबंर: केन्द्र सरकार और फिर कुछ राज्य सरकारों के फैसले के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली थी। कई राज्य पहले ही तेल की कीमतों पर वैट कम कर चुके हैं। अब राजस्थान सरकार ने पेट्रोल-डीज़ल पर टैक्स घटाकर जनता को राहत दी है। राजस्थान सरकार ने पेट्रोल पर 4 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 5 रुपए प्रति लीटर कम कर दिए हैं। इसके बाद राजस्थान में डीजल 15 रुपए सस्ता और पेट्रोल 9 रुपए सस्ता हो गया है।

मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सीएम अशोक गहलोत ने टवीट कर पेट्रोल डीजल पर वैट कम करने के फैसले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, आज मंत्रिमण्डल की बैठक में पेट्रोल-डीजल पर वैट की दर को कम करने का निर्णय लिया गया। आज रात्रि 12 बजे से पेट्रोल में 4 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल में 5 रु. प्रति लीटर दरों में कमी हो जायेगी। इससे राज्य सरकार 3500 करोड़ रुपये वार्षिक राजस्व की हानि वहन करेगी।
नई दरें रात 12 बजे से लागू होंगी। कैबिनेट की बैठक से पहले राजस्थान पेट्रोल-डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार को वैट की दरें कम करने के संबंध में पत्र सौंपा था। इसमें कहा गया है कि सरकार वैट कम करके राज्य को मिलने वाले राजस्व को बढ़ा सकती है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में इस समय एक लीटर पेट्रोल 111 रुपये 10 पैसे और डीजल 95 रुपये 71 पैसे की दर से बिक रही है। अब पेट्रोल 107 रुपए के आसपास और डीजल 90.50 रुपए प्रति लीटर के आसपास हो सकता है।
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल पर 5 और डीजल पर 10 रुपए कम करने के बाद अन्य राज्यों ने वैट कम किया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले दिनों जोधपुर दौरे के दौरान पेट्रोल-डीजल पर वैट में कटौती के संकेत दिए थे। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल पर उत्पाद शुल्क में हालिया कमी के बाद राज्य सरकार पर वैट कम करने के लिए दबाव बना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications