राजस्थान में भारी बारिश, जानिए कौनसी जगह बरसा 91 MM पानी, अब कैसा रहेगा मानसून?
Rajasthan ka Mausam IMD Rain Alert: राजस्थान में मानसून 2024 के बदरा जमकर बरस रहे हैं। पूरा प्रदेश पानी-पानी हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान बदरा पूर्वी राजस्थान पर सबसे ज्यादा मेहरबान रहे हैं। आगामी दो-तीन में मानसून थोड़ा सुस्त पड़ने का अनुमान है।
IMD जयपुर-राजस्थान के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में दौसा और भरतपुर जिलों में स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में सबसे ज्यादा 91 एमएम बारिश दौसा के बांदीकुई में रिकॉर्ड की गई है। इतनी ही एमएम बारिश भुसावर इलाके में भी हुई है।
पूरे राजस्थान में एक सप्ताह से मानसून सक्रिय है। मानसून 2024 की सीजन में अब तक पूरे राजस्थान में सामान्य से 15 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश
मानसून के इस सीजन में अब तक पूर्वी राजस्थान 27 प्रतिशत और पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से 3 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। पूर्वी राजस्थान में दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली आदि जिले आते हैं।
जालोर-सिरोही में सबसे कम बारिश
यूं तो पूरे राजस्थान में खूब बारिश हो रही है, मगर अब तक सबसे कम बारिश जालोर-सिरोही में हुई है। दक्षिणी राजस्थान के जालोर में सामान्य से 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है जबकि सिरोही में सामान्य 38 फीसदी कम पानी बरसा है।
इन जिलों में भी बारिश कम
जालोर-सिरोही के अलावा बाड़मेर, जैसलमेर और बांसवाड़ा जिले में अब तक सामान्य से 20 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। कुल मिलाकर पूरे राजस्थान में अब तक 97 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक है।
राजस्थान मौसम का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान आगामी 48 घंटों के दौरान दक्षिणी राजस्थान में बारिश की संभावना है। पूरे राजस्थान में कहीं जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। 2-3 दिन बाद बारिश की गतिविधियों में कमी होने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications