Rajasthan: क्या लोकसभा चुनाव में बिना तैयारी उतर गई कांग्रेस, अब बदल सकती तीसरा प्रत्याशी?
Congress Change Candidate in Rajasthan: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान कांग्रेस दस साल बाद खाता खोलने की कोशिश में है, मगर टिकट वितरण व पहले दौर के नामांकन से ही साबित हो रहा है कि राजस्थान के रण में कांग्रेस बिना तैयारी के उतर गई है।
राजस्थान कांग्रेस के नेता भले ही इस बात को मानने को तैयार नहीं कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की। कांग्रेस नेता तो सभी 25 सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं। हालांकि जयपुर शहर, राजसमंद व भीलवाड़ा सीट कांग्रेस की तैयारियों की पोल खोलने को काफी हैं।

राजस्थान में कांग्रेस तीसरा उम्मीदवार बदलने की तैयारी में है जबकि जयपुर शहर सीट पर पहले ही उम्मीदवार बदल चुकी है और राजसमंद में नए उम्मीदवार की तलाश कर रही है। चौथी सीट बांसवाड़ा में तो अभी उम्मीदवार ही घोषित नहीं कर सकी। ना ही भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के साथ गठबंधन कर पाई है।
जयपुर लोकसभा सीट: सुनील शर्मा की जगह प्रताप सिंह खाचरियावास
जयपुर शहर सीट पर कांग्रेस ने सुनील शर्मा को टिकट दिया। बाद में आरोप लगने लगे कि शर्मा का संबंध द जयपुर डायलॉग्स नाम के एक ऐसे यूट्यूब चैनल से है, जिस पर समुदाय विशेष खिलाफ कटेंट अपलोड किया जा रहा था। ऐसे में कांग्रेस ने तुरंत टिकट बदलकर सुनील शर्मा की जगह खाचरियावास को प्रत्याशी बना दिया। मतलब ये कि जिस उम्मीदवार पर दांव लगाया जा रहा उसका बैकग्राउंड तक ठीक से नहीं खंगाला गया।
राजसमंद लोकसभा सीट: खुद सुदर्शन रावत पीछे हटे
राजसमंद सीट पर तो कांग्रेस की भद ही पिट गई। यहां पर कांग्रेस ने सुदर्शन सिंह रावत को टिकट दिया। दूसरे दिन ही दिन रावत ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का पत्र भेजकर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। लिखा कि वे तो विदेश यात्रा पर गए हुए थे। उनसे बिना पूछे ही टिकट दे दिया जबकि चार माह पहले ही वे विधानसभा चुनाव हारे हैं। ऐसे में नैतिकता के आधार पर अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते। किसी अन्य को टिकट दिया जाए। मतलब ये कि कांग्रेस टिकट बांट नहीं रही। फेंक रही है।
भीलवाड़ा लोकसभा सीट: डॉ. दामोदर गुर्जर को भी बदलने की चर्चा
पिछले लोकसभा चुनाव में भीलवाड़ा सीट पर भाजपा को सबसे बड़ी जीत मिली थी। यहां पर कांग्रेस ने दामोदर गुर्जर को टिकट दिया है जबकि भाजपा का टिकट होल्ड पर है। दामोदर गुर्जर 29 मार्च को नामांकन भरने वाले थे, मगर एनवक्त पर रोक दिया गया। ऐसे में चर्चा है कि अब कांग्रेस भीलवाड़ा में भी प्रत्याशी बदल सकती है। इसकी वजह यह है कि भीलवाड़ा में दामोदर गुर्जर की बजाय किसी ब्राहम्ण चेहरे पर दांव लगाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications