Rajasthan: बेटे को दिया जन्म, सौंप दी बेटी; अस्पताल पर बच्चा बदलने का आरोप, होगी DNA जांच
राजस्थान के भवानीमंडी से अस्पताल में बच्चा बदलने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के राजकीय चिकित्सालय में एक महिला का प्रसव हुआ था, जिसने अब थाने पहुंचकर चिकित्साकर्मियों पर बच्चा बदलने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसको बेटा हुआ था, लेकिन चिकित्साकर्मियों ने उन्हें बच्ची दे दी। पुलिस अब DNA टेस्ट करवाकर सच्चाई को सामने लाएगी।
चिकित्साकर्मियों पर बच्चा बदलने का आरोप
दरअसल, यह पूरा मामला राजस्थान के भवानीमंडी जिले के राजकीय कमरुद्दीन चिकित्सालय का है। यहां 8 सितंबर को 25 वर्षीय पूनम वर्मा पत्नी मोतीलाल वर्मा निवासी दसखोली को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती करवाया गया था। जहां से महिला को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। लेकिन प्रसव पीड़ा तेज होने पर राजकीय चिकित्सालय में ही महिला का प्रसव करवाया गया।

पुत्र की जगह सौंप दी पुत्री
वहीं अब महिला का आरोप है कि उन्हें पुत्र हुआ था, जबकि चिकित्साकर्मियों द्वारा उन्हें पुत्री सौंपी गई। महिला के अनुसार उन्होंने और परिजनों ने इसका विरोध भी किया गया था, किंतु चिकित्साकर्मियों ने मामले को निराधार बताया। जिसके चलते महिला द्वारा घटनाक्रम के 11 दिन बाद चिकित्साकर्मियों के विरुद्ध बच्चा बदलने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।

DNA जांच से होगा 'दूध का दूध और पानी का पानी'
उधर, चिकित्साकर्मियों का कहना है कि महिला व उसके परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार है, महिला के साथ प्रसव के दौरान आई हुई एक महिला की शंका के कारण महिला द्वारा चिकित्साकर्मियों पर इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में अब डीएनए जांच करवाने का फैसला किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पाए जाने पर चिकित्साकर्मियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications