खाटूश्यामजी में वॉशरूम इस्तेमाल करने का चार्ज 800 रुपए, पत्रकारिता स्टूडेंट मेघा ने वीडियो में बताई आपबीती
Khatu Shyamji Toilet Controversy: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी कस्बे में वॉशरूम इस्तेमाल करने पर 800 रुपए चार्ज करने का मामला सामने आया है। होटल का बिल सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। पत्रकारिता स्टूडेंट मेघा उपाध्याय ने वीडियो शेयर कर आपबीती बताई है।
मेघा उपाध्याय दिल्ली में पत्रकारिता की छात्रा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मेघा कह रही है कि पिछले रविवार को वह अपने माता-पिता के साथ बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए खाटूश्यामजी आई थी।

मेघा कहती हैं कि उनके परिवार ने पांच बजे होटल छोड़ दिया था ताकि बाबा श्याम के दरबार में जाकर जल्दी दर्शन कर सकें। दो घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद दर्शनों का नंबर आया, मगर उससे पहले मां की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। दो घंटे धूप में खड़ा रहना पड़ा था।
खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वॉशरूम की तलाश की। मेघा की मां को वॉशरूम जाना था, मगर आस-पास कोई वॉशरूम नहीं मिला। खाटूश्यामजी में पार्किंग एरिया में 10 रुपए देकर नहाने की सुविधा तो थी, मगर टॉयलेट नहीं जा सकते। काफी तलाश के बाद एक होटल में पहुंचे।
खाटूश्यामजी में एसबीआई बैंक के सामने सरकारी अस्पताल चौराहा के पास स्थित श्रीराम पैलेस के मैनेजमेंट पर मेघा उपाध्याय का आरोप है कि उन्होंने वॉशरूम के नाम पर 800 रुपए मांगे। महज वॉशरूम जाने के 800 रुपए मांगने पर आपत्ति भी जताई गई, मगर होटल वालों ने एक नहीं सुनी। फिर मेघा के परिवार ने 800 रुपए चुकाए तब उनकी मां को वॉशरूम का इस्तेमाल करने दिया गया।
मेघा का यह भी आरोप है कि जब उसके परिवार ने होटल स्टाफ से वॉशरूम के बदले 800 रुपए का बिल मांगा तो वे आठ सौ की बजाय 100-200 रुपए लेने पर ही राजी हो गए। काफी बहसबाजी के बाद होटल स्टाफ ने 800 रुपए का बिल बनाकर दिया।

20 अप्रैल 2025 को यह बिल रमेश उपाध्याय हजारीबाग झारखंड के नाम से काटा गया। इसमें एक व्यक्ति के लिए होटल का रूम नंबर 104 दिया गया, जिसका 714 किराया, 42.8 रुपए सीजीएसटी और इतने ही एसजीएसटी के काटे गए। ऐसे में कुल बिल 800 रुपए का बनाकर दिया गया है।
वनइंडिया हिंदी ने इस मामले में होटल श्रीराम पैलेस के मालिक रामगोपाल जाट को कॉल करके उनका पक्ष जाना तो उन्होंने कहा कि खाटूश्यामजी की व्यवस्थाओं को बदनाम करने व ब्लैकमेल के लिए यह सब किया जा रहा है। लड़की के परिवार ने आधे घंटे के रूम लिया था, जिसका चार्ज 800 रुपए लिया गया।
उस परिवार को बता दिया था कि सड़क पार करते ही सुलभ शौचालय है। वे वहां भी वॉशरूम जा सकते हैं, मगर उन्होंने हमारे ही होटल में कमरा नंबर 104 बुक किया था। सिर्फ वॉशरूम के नाम पर 800 रुपए नहीं लेकर पूरे रूम के लिए हैं।
यह भी पढ़ें- खाटूश्यामजी मंदिर में अर्जी लगाने की सही विधि क्या है? पुजारी ने बताया अर्जी कैसे लिखनी चाहिए?












Click it and Unblock the Notifications