शादी के 20 दिन बाद पति की मौत, आंसुओं से धुले नवविवाहिता के मेहंदी रचे हाथ, 2 ननद घायल
Karauli news in Hindi,करौली। परिवार में खुशी का माहौल था। 20 दिन पहले एक बेटे की शादी हुई और अब छह मई को दूसरे बेटे के सिर सेहरा सजना था। घर का कोना-कोना खुशियों से सराबोर था। मंगलगीत गाए जा रहे थे, मगर एक हादसे ने कोहराम मचा दिया। जिस बेटे की 20 दिन पहले बारात निकली थी, उसी की अर्थी उठी तो कोई आंसू नहीं रोक पाया। नवनिवाहिता बेसुध हो गई। उसके मेहंदी रचे हाथ आंसुओं से धुल गए।

हादसा राजस्थान के करौली जिले के मंडरायल थाना इलाके में हुआ है। थानाधिकारी रामवीर बिधूड़ी ने बताया कि गांव कैमकच्छ में मोटरसाइकिल को टेम्पो ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियां घायल हो गई।
घायलों को करौली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। चिकित्सालय चौकी प्रभारी महावीर ने बताया कि कैंम कच्छ निवासी उदय सिंह मीणा अपनी 2 बहनों को मोटरसाइकिल पर बिठाकर मंडरायल जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर में तीनों भाई-बहन घायल हो गए। घायल उदय, संतोषी, मुकेशी को एंबुलेंस से करौली राजकीय चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सक ने उदय सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं बहनों का उपचार कर चिकित्सालय में जारी है। बता दें कि उदय की शादी 17 अप्रैल को हुई थी और 6 मई को चाचा के लड़के की शादी होनी है। उदय की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।












Click it and Unblock the Notifications