कचनार चौधरी: राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर ने अमेरिका में लहराया तिरंगा, विश्व पुलिस खेलों में स्वर्ण पदक जीता
Kachnar Chaudhary Rajasthan Police Sub-Inspector: राजस्थान पुलिस की वर्दी में देश का नाम रोशन करने वाली सब इंस्पेक्टर कचनार चौधरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी मैदान में कम नहीं हैं। अमेरिका के अलाबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2025 में कचनार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट थ्रो में गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने न केवल राजस्थान पुलिस बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया।
शॉट पुट में रोमानिया को दी मात, गोल्ड किया अपने नाम
27 जून से 7 जुलाई तक चल रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 70 देशों की पुलिस फोर्स के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इन्हीं खिलाड़ियों के बीच कचनार चौधरी ने शानदार ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में रोमानिया की एथलीट को पीछे छोड़ दिया। कचनार की इस उपलब्धि पर राजस्थान पुलिस के डीजी आनंद श्रीवास्तव ने भी बधाई देते हुए कहा कि "कचनार हमारी पुलिस फोर्स का गर्व हैं।"

लॉन टेनिस से शॉट पुट तक का सफर
चूरू जिले के सुजानगढ़ की रहने वाली कचनार का खेलों से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। पहले वह लॉन टेनिस खेलती थीं, लेकिन पिता परेश चौधरी से प्रेरित होकर उन्होंने शॉट पुट में हाथ आजमाया। दिलचस्प बात यह है कि कचनार के पिता भी खुद एक शॉट पुट और डिस्कस थ्रो खिलाड़ी रहे हैं। वर्ष 2014 से उन्होंने गोला फेंकना शुरू किया और जल्द ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अपना जलवा दिखा दिया।

पढ़ाई में भी आगे रही हैं 'गोल्डन गर्ल'
खेल के साथ-साथ कचनार ने पढ़ाई में भी शानदार प्रदर्शन किया है। 12वीं कक्षा में 90% अंक हासिल करने वाली कचनार ने बीए और एमए भी प्रथम श्रेणी में पास की। वर्तमान में वे एलएलबी कर रही हैं। शिक्षा के प्रति उनका यह समर्पण बताता है कि वह मैदान के साथ क्लासरूम में भी उतनी ही गंभीर हैं।

रेलवे से लेकर पुलिस तक
शुरुआत में कचनार ने खेल कोटे से रेलवे की नौकरी जॉइन की थी, लेकिन बाद में वह राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनीं। यहां भी उन्होंने खेल गतिविधियों में लगातार भाग लिया और ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भी गोल्ड जीत चुकी हैं।

मेडल्स की झोली भर चुकी हैं कचनार
कचनार की उपलब्धियों की फेहरिस्त लंबी है।
- 2016: जूनियर नेशनल और यूथ नेशनल में गोल्ड
- 2019: दक्षिण एशियाई खेलों में कांस्य
- 32वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप: गोल्ड
- कई ओपन टूर्नामेंट्स में गोल्ड और सिल्वर
सोशल मीडिया पर भी हैं पॉपुलर
कचनार चौधरी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। उनके खेल और पुलिस ड्यूटी दोनों की झलक सोशल मीडिया पर लोगों को खासा पसंद आती है।












Click it and Unblock the Notifications