Jaipur Gangaur: 263 साल से अकेली गणगौर की पूजा, ईसरजी साथ नहीं होने की वजह चौंकाने वाली
Jaipur Gangor News: पूरे राजस्थान में राजधानी जयपुर की गणगौर की सवारी सबसे फेमस है। इसका इतिहास भी काफी रोचक है।

Jaipur Gangor 2023: श्रद्धा, सौंदर्य, सुहाग एवं स्नेह का प्रतीक लोकपर्व गणगौर राजस्थान में चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की तीज को यानी आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। कन्याओं, युवतियों व सुहागिन महिलाओं द्वारा घर-घर में शिव-पार्वती के अवतार गणगौर-ईसरजी की पूजा की गई। जगह-जगह रीति रिवाज से मेले भरे हैं। शाम को गणगौर-ईसरजी की सवारी निकाली जाएगी।
राजस्थान की राजधानी जयपुर की गणगौर की सवारी दुनियाभर में प्रसिद्ध है। इसका इतिहास भी उतना ही रोचक है, क्योंकि जयपुर में ही गणगौर माता की अकेली की पूजा होती है। उनके साथ ईसरजी नहीं होते। सवारी भी अकेली की ही निकलती है। जयपुर में बिना ईसर के गणगौर पूजे जाने की पूरी कहानी 263 साल पुरानी है।
जयपुर गणगौर की कहानी रूपनगढ़-किशनगढ़ से जुड़ी हुई है। कहते हैं कि रूपनगढ़ के महाराजा सावत सिंह के समय वहां के महंत ने किशनगढ़ में सवारी निकालने के लिए ईसर-गणगौर नहीं दिए। इस पर किशनगढ़ के महाराजा बहादुर सिंह जयपुर से ईसरजी को लूटकर ले गए। यहां गणगौर रह गई थीं। तब जयपुर में अकेली गणगौर की पूजा होती है जबकि प्रदेश में अन्य जगहों पर गणगौर-ईसर को एक साथ पूजा जाता है।
सिटी पैलेस से निकलती है गणगौर की सवारी
जयपुर में गणगौर की सवारी पूर्व राजघराने की ओर से निकाली जाती है। जयपुर के सिटी पैलेस में जनानी ड्योढी से गणगौर की सवारी शाही लवाजमे के साथ निकलती है। गणगौर की सवारी त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार व चौगान स्टेडियम होती हुइ पालिका बाग पहुंचती है। यहां पर गणगौर माता को घेवर का भोग लगाकर जल पिलाया जाता है। फिर सवारी वापस सिटी पैलेस लौट आती है।
जयपुर में गणगौर सवारी का रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था
- शाम पांच बजे बाद नगर परिषद की मोरी से सिटी पैलेस की ओर से आवागन बंद रहेगा।
- आतिश मार्केट और सार्दुल सिंह की नाल की ओर से वाहन आतिश मार्केट और सिटी पैलेस की तरफ नहीं जा सकेंगे।
- चीनी की बुर्ज की ओर से वाहनों को आतिश बाजार तथा सिटी पैलस की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
- रामनिवास बाग चौराहा व न्यू गेट से सभी प्रकार के चौपहिया वाहन चौड़ा रास्ता में नहीं आ सकेंगे। केवल दुपहिया वाहन आ सकेंगे।
- रामगढ़ मोड से भारी वाहन और मध्यम वाहन जोरावर सिंह गेट की तरफ नहीं जा सकेंगे। और ना ही उन्हें माउंट रोड होकर शहर के अन्दर आने दिया जायेगा।
- गढ़ गणेश चौराहा व चौगान स्टेडियम की तरफ से गणगौरी बाजार होकर नहीं जा सकेगे। चौगान स्टेडियम चौराहा से हल्के वाहन बारह भाईयों के चौराहे से होकर चांदपोल बाजार की तरफ जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications