शादी में हर्ष फायरिंग : दूल्हे के फुफेरे भाई की गोली लगने से मौत, इकलौता बेटा था अशोक
धौलपुर, 20 जून। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के मामले में अक्सर सामने आते हैं और ये कई बार जानलेवा भी साबित होते हैं। ऐसा ही मामला राजस्थान के धौलपुर जिले के सैंपऊ पुलिस थाना इलाके में पुरैनी का पुरा गांव में रविवार रात को सामने आया है। यहां पर शादी समारोह में चली गोली से दूल्हे के फुफेरे भाई की जान चली गई, जो इकलौता बेटा था।

मीडिया से बातचीत में सैंपऊ थानाप्रभारी परमजीत सिंह पटेल ने बताया कि पुरैनी का पुरा गांव में राजकुमार कुशवाह के पुत्र टिंकू की बारात 23 जून को कंचनपुर थाना इलाके के काशपुरा गांव में बारात जानी थी। शादी में टिंकू की बुआ का लड़का अशोक (22) भी आया हुआ था। रविवार को देर शाम को घर पर लगन टीके की रस्म अदा की जा रही थी तब परिवार व रिश्तेदारों के युवक डीजे पर डांस कर रहे थे।
इसी दौरान शादी में शामिल किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग की। बंदूक की गोली पास में खड़े अशोक को लग गई। घायल अशोक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैंपऊ थानाप्रभारी परमजीत सिंह पटेल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। फिलहाल यह पता नहीं लग पाया कि गोली किसने चलाई? वहीं, पोस्टमार्टम के बाद दूल्हे के फुफेरे भाई अशोक का शव परिजनों को सौंप दिया। हर्ष फायरिंग में युवक की मौत से शादी की खुशियों के बीच मातम पसर गया।












Click it and Unblock the Notifications