Heatwave Rajasthan: राजस्थान में जानलेवा हुई गर्मी ने बरपाया कहर, लू की चपेट में आने से पांच की मौत
Maximum Temperature Rajasthan: राजस्थान में गर्मी कहर बरपा रही है। गुरुवार को एक महिला समेत पांच लोगों ने लू की वजह से दम तोड़ दिया। वहीं, बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
राजस्थान का बाड़मेर 48.8 डिग्री तापमान के साथ पाकिस्तान के जैकोबाबाद के बाद दुनिया में दूसरा सबसे गर्म जगह रहा है। हीट वेव से मरने वालों में जालौर के चार व बालोतरा का एक युवक शामिल है।

बालोतरा में गर्मी की वजह से जान गंवाने वाला युवक निर्माणाधीन रिफाइनरी में मजदूर था। काम के दौरान ही हीट वेव उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। उधर, जालौर में महिला घर में काम करते वक्त गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी। फिर उसकी मौत हो गई। जालौर में दो बुजुर्गों की भी गर्मी ने जान ले ली।
दोनों बुजुर्ग जालौर रेलवे स्टेशन के पास अचेत अवस्था में मिले। एक बुजुर्ग गुजरात के डीसा का रहने वाला था। 30 वर्षीय युवक पोपट लाल जालौर के आहोर से था। उसकी भी गर्मी की वजह से मौत हुई है।

दुनिया के सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के पांच
इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में पूरा राजस्थान है। दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के पांच बाड़मेर, फलोदी, जैसलमेर, जोधपुर, चूरू व कोटा शामिल रहे हैं। उधर, भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर तपते धोरों में अधिकतम तापमान 53 डिग्री तक पहुंच गया है।
राजस्थान में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। अभी तापमान और भी बढ़ेगा। प्रदेश के 22 जिलों में अगले तीन दिन के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्साकर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। अस्पतालों और डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications