मिलिए उन 28 गायों से जिनके नाम है एक-एक लाख की FD, जानिए कैसे बनीं लखपति?
झुंझुनूं, 11 अप्रैल। राधा, सीता, गीता और मोहना...। ये नाम उन गायों के जो लखपति हैं। सुनने में भले ही अजीब लग रहा हो, मगर पैसे वाली ये गायें राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी पुलिस थाना इलाके के गांव भोड़की की श्री जमवाय ज्योति गोशाला में रहती हैं।

Recommended Video
गोशाला की इन 28 गायों के नाम बैंक में एक-एक लाख रुपए की एफडी है। गायों के नाम एफडी भामाशाहों ने करवाई है। इस गोशाला में भक्त गायों को गोद लेकर उनके नाम की 1 लाख की एफडी करवा रहे हैं। इन गायों का जो बैंक बैलेंस और ब्याज होता है उसी से इनकी देखभाल की जाती है।
गोशाला समिति अध्यक्ष व रिटायर्ड कैप्टन शिवराम सिंह गोदारा ने बताया कि गांव भोड़की में धमाणा जोहड़ के पास बनी श्री जमवाय ज्योति गोशाला में एक हजार गाय हैं। यहां लोगों में गायों को गोद लेने की परम्परा है। जो गोद लेता है वो गाय के नाम एफडी करवाता है।

बता दें कि साल 2015 में आपसी सहयोग से भोड़की में शुरू की गई गोशाला के पास पहले दो बीघा जमीन थी। आज सौ बीघा हो गई। गांव के शिशुपाल सिंह महला जैसे कई लोगों ने जमीन दान की है।
गोशाला के लिए आपसी सहयोग से नलकूप भी लगवाया गया है। अभी 20 बीघा जमीन में चारा बुआई होती है। चारे की खेती में जो सहयोग करते हैं उनके नाम की पट्टिका खेत में क्यारी पर लगाई गई है।
भोड़की की गोशाला परिसर के अंदर जैविक खाद निर्माण का प्लांट भी बना है। इसमें केंचुए की खाद बनाई जाती है। ये रासायनिक खाद की तुलना में फसलों के लिए अधिक लाभकारी होती है।












Click it and Unblock the Notifications