Rajasthan: जैसलमेर में शातिर ठग सक्रिय, फर्जी साइट्स पर फेक रिसोर्ट से विदेशी मेहमानों के साथ ठगी
Rajasthan Tourism News: देश-दुनिया में पर्यटन के नक्शे पर अलहदा पहचान रखने वाले राजस्थान के जैसलमेर की साख को इन दिनों शातिर ठग बट्टा लगाने की कोशिश कर रहे है। ऑनलाइन साइट्स पर फर्जी नामों से रिसोर्टस में बुकिंग की आड़ में धोखाधड़ी का गोरखधंधा परवान पर चढ़ रहा है।
जैसलमेर को पर्यटन के क्षेत्र में दुनियाभर में पहचान दिलाने के लिए सम सेंड ड्यून्स का कितना बड़ा योगदान है, यह किसी को बताने की शायद जरूरत नहीं है।
दर्जनों फिल्मों से लेकर कॉमर्शियल एड और लाखों-करोड़ों रुपए के खर्च से होने वाली भव्य शादियों तक में सम के मखमली धोरे अलग ही रंग भरते रहे हैं।

इन्हीं धोरों पर व उनके किनारे फेक नामों से रिसोट्र्स में ऑनलाइन बुकिंग कर पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। जिसको लेकर आज जैसलमेर के पर्यटन स्थल सम गांव स्थित सम कैंप एवं रिसोर्ट वेलफेयर सोसाइटी ने कलेक्टर प्रताप सिंह को ज्ञापन दिया।
रिसोर्ट मालिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर ऑनलाइन फर्जी रिसोर्ट लिस्टिंग वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई कर जैसलमेर पर्यटन की धूमिल होती साख पर रोकथाम लगाने की मांग की।
सम कैंप एवं रिसोर्ट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष कैलाश व्यास ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग साइट्स पर कई फेक (फर्जी) रिसोर्ट लिस्ट हो रखे हैं। इन फर्जी रिसोर्ट का धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं है। ऐसे में सैलानी जब ऑनलाइन इनकी बुकिंग के झांसे में आते हैं तब यहां आकर ये रिसोर्ट मौके पर नहीं मिलने से ठगे जाते हैं।
ऐसे में पर्यटन की छवि खराब हो रही है। कलेक्टर प्रताप सिंह ने सभी को भरोसा दिलाया कि एक हफ्ते के अंदर इस मामले कि समीक्षा करके ऐसे फेक लिस्टेड रिसोर्ट पर कार्रवाई करेंगे।
रिसोर्ट संचालक भेरु सिंह ने बताया कि जिले के महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र सम सैंड ड्यून्स पर ऐसे कई कैंप और रिसोर्ट हैं, जो की वास्तविक रूप से धरातल पर नहीं हैं। कुछ लपका तत्वों द्वारा गलत फोटोग्राफ एवम गलत सूचना के साथ ऑन लाइन लिस्टिंग है।
इस तरह की लिस्टिंग से सीजन के समय आने वाले पर्यटकों के साथ मे धोखाधड़ी होती है और पर्यटक परेशान होते हैं। साथ में स्थानीय कैंपों की एवम जैसलमेर पर्यटन की साख पर विपरीत प्रभाव प्रभाव पड़ता है।
कलेक्टर को ज्ञापन देकर बताया गया कि आपके कार्यालय के माध्यम ऑनलाइन पोर्टल को फेक प्रॉपर्टी रिमूव करवाने का निर्देश दिया जाए। साथ ही आइंदा से ऑनलाइन प्रॉपर्टी भौतिक सत्यापन के साथ ही की जाए।












Click it and Unblock the Notifications