माता के दर्शन कर प्रेमी युगल ने संसार को कहा अलविदा, कहा साथ जी नहीं सकते पर मर तो सकते हैं ना
अजमेर। राजस्थान के अजमेर संभाग के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले प्रेमी युगल ने मंगलवार को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इससे पहले प्रेमी युगल ने बंक्यारानी माता के दर्शन किए और यहीं पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। शंभूगढ़ थाना पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

शंभूगढ़ थानाधिकारी जसवंत सिंह चौधरी ने बताया कि बंक्यारानी माता मंदिर के दर्शन करके देवगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय टीना सैन और रातडियावास के रहने वाले उसके प्रेमी 32 वर्षीय मुकेश सैन ने विषाक्त पी लिया था। उन्हें गंभीर अवस्था में पहले आसींद के अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें भीलवाड़ा के राजकीय अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
चल रहे थे फरार
थानाधिकारी चौधरी ने कहा कि प्रेमी युगल गत 17 अगस्त से घर से गुम चल रहा था। टीना सैन के पिता नेनुलाल सैन ने देवगढ़ थाने में मुकेश सैन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा भी दर्ज करवाया था। पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को जब परिजनों को जानकारी मिली कि वह दोनों मुकेश के दौलतगढ़ स्थित रिश्तेदार के यहां पहुंचे हैं। इस पर टीना के परिजन भी वहां पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले प्रेमी युगल बंक्यारानी माता के दर्शन करने निकल गया। इसकी भी परिजनों को जानकारी मिल गई और वह भी माता के मंदिर पहुंच गए।
साथ जी नहीं सके तो मर रहे हैं
परिजन जब बंक्यारानी मंदिर पहुंचे तो प्रेमी युगल ने साफ कह दिया कि साथ जी नहीं सके तो क्या मर तो सकते ही हैं। इसके बाद दोनों की तबियत बिगड़नी शुरू हो गई। परिजन दोनों को लेकर अस्पताल भी पहुंचे लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बालिग होने से तीन दिन पहले छोड़ा घर
थानाधिकारी चौधरी ने कहा कि मृतका टीना सैन 20 अगस्त को बालिग होने वाली थी। इससे तीन दिन पहले यानि 17 अगस्त को ही वह अपने प्रेमी मुकेश के साथ घर से निकल गई थी। परिजनों ने भी नाबालिग बताकर ही मुकेश के खिलाफ देवगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। थानाधिकारी चौधरी ने कहा कि फिलहाल प्रेमी युगल का लिखा कोई सुसाईड नोट भी उन्हें बरामद नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications