झुंझुनूं से 7 दिन में दूसरी शहादत, कुलदीप सिंह राव के बाद नक्सली हमले में BSF हवलदार सुजानसिंह शहीद
झुंझुनूं, 16 दिसम्बर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव भैसावता कलां निवासी सुजानसिंह नक्सली हमले में शहीद हो गए। ये ओडिशा में वीरगति को प्राप्त हुए हैं। शहीद सुजानसिंह के भतीजे बंटीसिंह ने बताया कि सुजानसिंह बीएसएफ में हवलदार के पद पर ओडिशा में कार्यरत थे। वहां नक्सली हमले में शहीद हुए हैं।

शहीद की पार्थिव देह दिल्ली एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए गुरुवार को उनके पैतृक गांव भैसावता कलां पहुंचेगी। यहां पर सैन्य सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद सुजानसिंह के दो बेटे हैं। वे 21 नवंबर को भतीजे के लड़के की शादी में गांव आए थे। 1994 में बीएसएफ में भर्ती हुए सुजानसिंह के शहादत की सूचना पर गांव भैसावता कलां में शोक की लहर दौड़ गई।
बता दें कि राजस्थान में झुंझुनूं जिले ने देश को सबसे अधिक फौजी दिए हैं। इस बात का सबूत गांव-गांव ढाणी ढाणी में फौजी परिवार व शहीदों की प्रतिमाएं हैं। झुंझुनूं जिले से एक सप्ताह में यह दूसरी शहादत है। बीएसएफ हवलदार सुजानसिंह के नक्सली हमले में शहीद होने से पहले तमिलनाडु के कुन्नूर में सीडीएस हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे में झुंझुनूं ने अपने स्क्वाड्रन लीडर बेटे कुलदीप सिंह राव को खोया।
बता दें कि 14 दिसंबर को उड़ीसा के लक्ष्मीपुर कोरापुट इलाके में हुए नक्सली हमला हुआ, जिसमें सुजानसिंह शहीद हुए हैं। ये 155 बीएसएफ बटालियन में हवलदार पद पर तैनात थे।












Click it and Unblock the Notifications