राजस्थान विधानसभा में हंगामा: बीजेपी विधायक ने कांग्रेस विधायक रफीक खान को कहा ‘पाकिस्तानी'
राजस्थान विधानसभा में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब BJP विधायक गोपाल शर्मा ने कांग्रेस के मुख्य सचेतक और वरिष्ठ नेता रफीक खान को बार-बार 'पाकिस्तानी' कहकर संबोधित किया। यह विवाद शहरी विकास, आवास और स्थानीय स्व-सरकार विभागों के लिए अनुदान पर चर्चा के दौरान हुआ।
गोपाल शर्मा जयपुर के सिविल लाइंस से बीजेपी विधायक हैं। उन्होंने ने कांग्रेस के आदर्श नगर विधायक रफीक खान के खिलाफ यह टिप्पणी की। इस बयान के बाद कांग्रेस विधायकों ने जमकर विरोध किया।

दरअसल, चर्चा के दौरान रफीक खान कांग्रेस और बीजेपी सरकारों की तुलना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से गोपाल शर्मा पर टिप्पणी करते हुए अध्यक्ष से आग्रह किया कि उन्हें "थोड़ी समझ" दें। इस पर शर्मा ने उन्हें "पाकिस्तानी" कह दिया, जिससे सदन में हंगामा मच गया।
रफीक खान की शायरी और कांग्रेस का विरोध
शर्मा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रफीक खान ने जिगर मुरादाबादी की मशहूर शायरी पढ़ी-
'उनका जो फ़र्ज़ है वो अहल-ए-सियासत जानें
मेरा पैग़ाम मोहब्बत है, जहाँ तक पहुँचे'
(राजनीति करना उनका काम है, मेरा संदेश प्रेम है-जहां तक पहुंचे।)
विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, "यह क्या है? क्या कोई भी कुछ भी कह सकता है? यह कोई मजाक है क्या?" विधानसभा अध्यक्ष संदीप शर्मा ने हस्तक्षेप करते हुए बीजेपी विधायक को बैठने के लिए कहा।
जूली ने इस टिप्पणी को "गंभीर मामला" बताया और कहा, "इस तरह किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना गलत है।"
बाद में, टीकाराम जूली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसे "अत्यंत निंदनीय और असहनीय" टिप्पणी बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और नेता सदन भजनलाल शर्मा से बीजेपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने लिखा, "बीजेपी नेताओं की बयानबाजी का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। वे विधानसभा और सड़क पर दिए गए भाषणों में फर्क नहीं कर पाते। उन्हें यह याद रखना चाहिए कि रफीक खान शेखावाटी की धरती से आते हैं, जहां हर धर्म के लोग सेना में जाते हैं और देश के लिए शहीद होते हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने किया तीखा हमला
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि "इस पार्टी से नफरत, हिंसा और अभद्रता के अलावा और क्या उम्मीद की जा सकती है? बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा द्वारा कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान पर की गई अभद्र टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। बीजेपी की राजनीति और उनके नेताओं के हर शब्द में नफरत और हिंसा झलकती है।"
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
यह पहली बार नहीं है जब गोपाल शर्मा ने रफीक खान के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की हो। इससे पहले, मार्च 2024 में जयपुर नगर निगम हेरिटेज बोर्ड की बैठक के दौरान भी उन्होंने कहा था कि वे जयपुर को "मिनी पाकिस्तान" नहीं बनने देंगे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में खान को "जयपुर का जिन्ना" तक कह दिया था।












Click it and Unblock the Notifications