राजस्थान में अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई तेज, पहली खेप जोधपुर एयरबेस से डिपोर्ट के लिए रवाना
Bangladeshi in Jodhpur Rajasthan: पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देशभर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इसके तहत राजस्थान के 17 जिलों से अब तक 1008 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें अकेले जयपुर रेंज से 761 लोग पकड़े गए, जबकि सबसे ज्यादा 394 नागरिक सीकर जिले से हैं।
13 मई को इस अभियान की पहली बड़ी कार्रवाई के तहत 148 बांग्लादेशी नागरिकों को जोधपुर एयरबेस पहुंचाया गया, जहां दस्तावेज सत्यापन के बाद उन्हें विशेष विमान से पश्चिम बंगाल रवाना किया गया। यहां बीएसएफ इन्हें सीमा पार कर बांग्लादेश डिपोर्ट करेगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन नागरिकों के पास फर्जी पहचान पत्र पाए गए और कॉल डिटेल्स व पैसों के संदिग्ध लेन-देन के आधार पर इनकी जांच की गई। सरकार के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में एसपी के सुपरविजन में तकनीकी विशेषज्ञों, साइबर सेल और खुफिया विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने आधार कार्ड, वोटर आईडी, मोबाइल डेटा और बैंक ट्रांजेक्शन की बारीकी से पड़ताल की।
यह कार्रवाई उसी व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को पहचानकर डिपोर्ट किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि डिपोर्ट प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी और अन्य हिरासत में लिए गए नागरिकों को भी जल्द ही भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Border: सीजफायर के बाद राजस्थान के 10 जिलों में उठाया गया बड़ा कदम, 2 जिलों में पाक की सिम बंद












Click it and Unblock the Notifications