राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बिश्नोई बोले-'बिश्नोई समाज चाहता माफी मांगे सलमान, हिरण को मारने से लॉरेंस भी आहत'
All India Bishnoi Mahasabha Devendra Bishnoi: अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बिश्नोई ने कहा कि बाबा सिद्दीकी की हत्या से हमारा कोई लेना-देना नहीं। सलमान खान को हिरण शिकार के लिए माफी मांगनी चाहिए। लॉरेंस बिश्नोई भी इसी बात से आहत।
मुम्बई में एनसीपी अजित गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या किए जाने बाद खतरनाक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई फिर सुर्खियों में आ गया है। कहा जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी देते पांच करोड़ रुपए मांगे हैं। इस बीच बिश्नोई समाज का बयान भी सामने आया है, जिसमें सलमान को माफी मांगने का कहा गया है।
यह भी पढ़ें- सिर्फ एक बात पर टिकी है सलमान-लॉरेंस की दुश्मनी! क्या अब ठंडी पड़ सकती है बदले की आग?

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बिश्नोई ने कहा कि "हमें (बाबा सिद्दीकी की) हत्या के बारे में पता नहीं है, क्योंकि पुलिस जांच चल रही है। यह जांच का विषय है। सलमान खान ने एक काले हिरण को मारा था और इससे समुदाय को ठेस पहुंची है। हम पिछले 4-5 सालों से इस दर्द को झेल रहे हैं, लॉरेंस (बिश्नोई) भी इससे आहत हैं।
देवेंद्र बिश्नोई ने यह भी कहा बिश्नोई समुदाय चाहता है कि वह (सलमान खान) माफी मांगे क्योंकि उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है। उन्हें प्रायश्चित करना चाहिए, लेकिन वह माफी नहीं मांग रहे हैं। बिश्नोई समुदाय निस्वार्थ भाव से पर्यावरण और जंगली जानवरों की रक्षा करता है।
उल्लेखनीय है कि साल 1998-99 में राजस्थान के जोधपुर के पास फिल्म 'हम साथ-साथ है' की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर आरोप लगे कि उन्होंने काले हिरण का शिकार किया, जिसका राजस्थान के बिश्नोई समाज ने खूब विरोध किया।
दरअसल, बिश्नोई समाज वन्यजीवों की रक्षा के लिए विशेष रूप से पहचान रखता है। राजस्थान के बीकानेर जिले के मुकाम में बिश्नोई समाज का मंदिर भी है। उधर, लॉरेंस बिश्नोई पंजाब के फाजिल्का से है। एक केस के सिलसिले में जोधपुर पेशी पर आए लॉरेंस बिश्नोई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिरण शिकार की वजह से वह सलमान खान की हत्या करना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications