अजमेर: पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सहित चार छात्र नेताओं के खिलाफ परिवाद दर्ज
अजमेर। इन दिनों राजस्थान के कॉलेज व विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव का घमासान मचा हुआ है। अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए जहां छात्रनेता वोटों की गणित लगा रहे हैं वहीं कुछ छात्र नेताओं पर फर्जी तरीके से प्रत्याशी घोषित करने के आरोप भी लगे हैं। यह मामला थाने भी जा चुका है। मामला अजमेर के सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय से जुड़ा हुआ है।

कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष नवीन सोनी ने बताया कि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हनीश मारोठिया सहित अन्य ने एनएसयूआई का फर्जी लेटरपैड बनाकर सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष महासचिव और संयुक्त सचिव का पैनल जारी कर दिया। यह सोशल मीडिया पर आने के बाद उन्हें जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने उक्त पैनल को पार्टी की स्वीकृति नहीं होने की बात कहकर निरस्त किया। इसके बावजूद भी उन्होंने फर्जी लेटरहेड से ही नामांकन किया है। ऐसे में आज क्लॉक टावर थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दी है। शिकायत में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी फरहान खान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हनीश मारोठिया, लोकेश खिड़िया और विरेन्द्र भाटी शामिल है।
जांच जारी
इस संबंध में जब क्लॉक टावर थानाधिकारी राम अवतार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ने फर्जीवाड़ा करने और पार्टी के सिम्बल और लेटरहेड़ का दुरूपयोग की शिकायत दी है। इसकी गहनता से जांच करके कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications