पोती की शादी के लिए रुपए उधार लेकर घर आ रहे दादा से बदमाशों ने लूटे 81 हजार, दूसरी जेब में 1 लाख बचे
सीकर। नवंबर 2019 में पोती की शादी तय हुई। 70 वर्षीय दादा किसी से रुपए उधार लेकर आ रहा था ताकि शादी के लिए जरूरत का सामान खरीद सके, मगर वह घर पहुंचता उससे पहले ही वारदात का शिकार हो गया। बदमाश उससे 81 हजार रुपए लूट ले गए। गनीमत यह रही कि दादा की दूसरी जेब में रखे एक लाख रुपए सुरक्षित बच गए।

मामला राजस्थान के सीकर जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान का है। यहां के तुलसीराम थावानी की सीकर के सूरजपोल गेट के पास जूते-चप्पलों की दुकान है। वह रात को साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। उसकी एक जेब में 86 हजार और दूसरी में एक लाख रुपए थे, जो उसने पोती की शादी के लिए किसी से उधार लिए थे।

रामलीला मैदान में अचानक सफेद रंग की कार आई और उनकी साइकिल के सामने लगा दी। कार में चार बदमाश सवार थे। तुलसीराम कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने उनसे मारपीट कर एक जेब में रखे 81 हजार रुपए निकाल लिए और कार में बैठकर फरार हो गए। इस दौरान घबराए तुलसीराम को आसपास के लोगों ने संभाला और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी श्रीचंद मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर नाकाबंदी करवाई। बाद में पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। दूसरे दिन शनिवार को भी बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है।












Click it and Unblock the Notifications