राजस्थान में यूपी के 4 दोस्तों की एक्सीडेंट में मौत, कार में सवार होकर जा रहे थे खाटूश्यामजी
जयपुर, 5 जुलाई। राजस्थान के दौसा जिले से गुजर रहे मनोहरपुर-कौथून हाईवे पर मंगलवार सुबह गांव बापी में कार-पिकअप की भीषण टक्कर में चार दोस्तों की मौत हो गई। ये यूपी के कानपुर के रहने वाले थे। कार में सवार होकर खाटूश्यामजी जा रहे थे। पांचवां दोस्त गंभीर रूप से घायल हुआ है।

मीडिया से बातचीत में सैंथल थाना प्रभारी अजीत बडसरा ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कानपुर के नमस्ता क्षेत्र के रहने वाले सोनू, आकाश, नीरज और दिपाशुं के रूप में हुई है। वहीं, पिकअप सवार सुनिल और महेश घायल हुए हैं।
बता दें कि कानपुर जिले के नमस्ता क्षेत्र से 5 दोस्त कार से खाटूश्यामजी के दर्शन करने सोमवार सुबह 11 बजे निकले थे। रास्ते के दौसा के बापी गांव के पास मंगलवार सुबह 4:30 बजे के करीब उनकी कार व पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में कार के परखच्चे उड़ गए। पिकअप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद चकनाचूर हुई कार में सभी पांचों दोस्त फंस गए। पुलिस ने कार में फंसे शवों को आस-पास के लोगों की मदद से बाहर निकलवाया और दौसा जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। वहीं, एक युवक समेत पिकअप ड्राइवर व उसके साथी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया। हादसे की सूचना पर ASP डॉ लालचंद ने भी मौके पर पहुंच घटनास्थल का मुआयना किया।












Click it and Unblock the Notifications