Jaipur Fire Incident: जयपुर अग्निकांड में झुलसे 30 लोग ICU में लड़ रहे जिंदगी की जंग, 9 की हालत गंभीर
Jaipur Fire Incident: जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर हुए भीषण एलपीजी टैंकर विस्फोट ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की खामियों को उजागर किया है। इस त्रासदी में 14 लोगों की जान चली गई और 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से 9 वेंटिलेटर पर हैं। हादसे में टैंकर और ट्रक की टक्कर से आग लगी। जिसने 40 से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
एनएचएआई ने उठाए सुरक्षा कदम
इस घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई अहम कदम उठाने का ऐलान किया है। दुर्घटना स्थल पर चौबीसों घंटे पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। ड्राइवरों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करने के लिए एक एस्कॉर्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा। दुर्घटना स्थल पर सड़क को 6 लेन से बढ़ाकर 10 लेन किया गया है। जिससे भारी वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके। भारी यातायात को रिंग रोड की ओर मोड़ने के लिए नया कट बनाया गया है। हालांकि बड़े वाहनों के मोड़ने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए इसे और चौड़ा किया जाएगा।

संयुक्त समिति की मंजूरी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय आर्य ने बताया कि ये सभी पहलें जयपुर विकास प्राधिकरण और यातायात पुलिस के साथ बनी संयुक्त समिति की मंजूरी के बाद लागू की जा रही हैं। इन सुधारों का उद्देश्य राजमार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाना है।
पीड़ितों की दिल दहला देने वाली कहानियां
इस हादसे में अपनी जान गंवाने वालों में गोविंद भी शामिल थे। जो 2 फरवरी को अपनी शादी के लिए अजमेर जा रहे थे। उनके साथ शादी का सामान भी था। जो इस भयानक आग में जलकर खाक हो गया। इसके अलावा मृतकों में से एक की पहचान सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी करणी सिंह राठौड़ के रूप में हुई है। वे फार्म हाउस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे की चपेट में आ गए।
राजस्थान उच्च न्यायालय का हस्तक्षेप
राजस्थान उच्च न्यायालय ने दुर्घटना स्थल पर यू-टर्न के बदले क्लोवर लीफ के निर्माण कार्य को रोके जाने के मामले पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने यू-टर्न पर चौबीसों घंटे पुलिस तैनात करने का निर्णय लिया है।
सुरक्षा और निगरानी पर जोर
यह हादसा राजमार्ग पर सुरक्षा उपायों और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। एनएचएआई और राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा और सरकार के लिए सबक
इस दुखद घटना ने न केवल पीड़ितों और उनके परिवारों के जीवन को झकझोर दिया है। बल्कि पूरे समुदाय को सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया है। जबकि घायलों के जीवन को बचाने के प्रयास जारी हैं। यह घटना सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारी की आवश्यकता का एक कड़ा संदेश देती है। यह घटना राजमार्गों पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी है।












Click it and Unblock the Notifications