छत्तीसगढ़ः मंत्री टीएस सिंह देव के इस्तीफे की खबर को मंत्रालय ने बताया अफवाह
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के मंत्री पद से इस्तीफे को लेकर चल रही खबरों के बीच मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि इस्तीफा देने की खबरें बिल्कुल झूठी और निराधार हैं। टीएस सिंह देव के खिलाफ अफवाह फैलाई जा रही है। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस पार्टी के ही विधायक बृहस्पति सिंह ने गंभीर आरोप लगाया था, जिसके चलते स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव काफी नाराज हुए थे। इस दौरान वह बीच सदन छोड़कर बाहर निकल गए थे।नलेकिन अपनी ही सरकार से नाराज चल रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लौट आए । टीएस सिंहदेव अपनी ही पार्टी के विधायक बृहस्पत सिंह के आरोपों से नाराज थे।

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने सिंहदेव पर उनकी हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया था। वहीं बुधवार को विधानसभा पहुंचने के बाद सिंहदेव ने कहा कि अब इस मामले का पटाक्षेप हो गया है। हालांकि, मीडियाकर्मियों ने जब उनसे बृहस्पत सिंह को माफ करने के बारे में पूछा तो वे चुप्पी साध गए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि मामला (कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह द्वारा देव के खिलाफ लगाए गए हत्या के आरोपों का) अब सुलझा लिया गया है। हमारा ध्यान अब एक टीम के रूप में राज्य की जिम्मेदारियों को पूरा करने पर रहेगा।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने सीधे तौर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि महाराजा हैं वो कुछ भी कर सकते हैं। वो मेरी भी हत्या करा सकते हैं। दरअसल, शनिवार की रात को विधायक बृहस्पत सिंह के काफिले पर हमला हुआ था, जिसके बाद से राजनीतिक में घमासान मचा हुआ था। इस बीच रविवार शाम बृहस्पत सिंह के सामने आए इस बड़े बयान के बाद जरूर छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक हलचल मची हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications