रायपुर में जबरन धर्म परिवर्तन को लेकर बढ़ा विवाद, इंस्पेक्टर के कमरे में घुसकर पादरी की पिटाई
रायपुर, 06 सितंबर। छत्तीसगढ़ में पुलिस स्टेशन के भीतर ईसाई पादरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि गुस्साए लोगों की भीड़ इंस्पेक्टर के कमरे में घुस जाती है और पादरी के साथ मारपीट करती है। वीडियो के सामने आने के बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर को लाइन अटैच कर दिया गया है। रायपुर के अडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि इंस्पेक्टर को पद से हटा दिया गया है।

तारकेश्वर पटेल ने बताया कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोग वहां पहुंचे तो दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया। इस मामले में 7 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुरानी बस्ती के स्टेशन इंचार्ज को उनके पद से हटा दिया गया है। बता दें कि जो वीडियो सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि गुस्साए लोगों की भीड़ इंस्पेक्टर के कमरे में है, जिसे संभालने की पुलिस कोशिश कर रही है।
आरोप है कि पादरी ने लोगों से जबरन धर्म परिवर्तन कराया है। इसके बाद मामले की शिकायत करने पहुंचे एक संगठन के नेता ने थाने का घेराव करके नारेबाजी करनी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने ईसाई समुदाय के कुछ लोगों को थाने पर बुला लिया। जब ईसाई समुदाय के लोग थाने पर पहूंचे तो दूसरे संगठन के लोग उन्हें देखकर भड़क गए और दोनों ही गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मामले को शांत कराने के लिए जब पुलिस पादरी को इंस्पेक्टर के कमरे में लेकर गई तो संगठन के लोगों ने इंस्पेक्टर के कमरे में पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी। हालांकि किसी तरह से भीड़ पर नियंत्रण करते हुए उसे कमरे से बाहर किया गया। इस पूरी घटना के बाद रायपुर के एसएसपी अजय यादव ने थानेदार यदुमणि सिदार को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह नितेश ठाकुर को पदभार सौंपा गया है। वहीं संगठन के लोग लगातार पादरी और उनके समर्थकों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications