प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा- ट्रंप का अकाउंट हो सकता है सस्पेंड तो उनके सामने कौन हैं रमन सिंह
रायपुर। टूलकिट विवाद पर प्रदेश में सियासी बयानबाजी जारी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट सस्पेंड हो सकता है तो उनके सामने कौन हैं रमन सिंह! रमन सिंह जल्दबाजी में बयान दे रहे हैं क्योंकि वह गलत हैं। ट्विटर अपना काम कर रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एक तरफ तो वे टूलकिट मामले को लेकर तुरंत ट्विटर कार्यालय जाते हैं, लेकिन यह न तो इसकी जांच करते हैं और न ही हमें जांच करने देते हैं। हर कोई मानता है कि यह एक साजिश है और इसका पर्दाफाश होना चाहिए। लेकिन कुछ लोग इसे छुपाने की कोशिश कर रहे हैं, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
बता दें कि बीते सोमवार को प्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से पूछताछ करने के लिए पुलिस उनके आवास पर पहुंची थी। इस दौरान डॉ. रमन सिंह ने कहा था कि ये पूरा घटनाक्रम कांग्रेस के कार्यालय से संचालित होता है। हम इस मामले को लेकर न्यायालय जाएंगे।
वहीं इस मामले पर भाजपा का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस पीएम मोदी की छवि धूमिल करना चाहती है। वहीं कांग्रेस ने ऐसी किसी भी टूलकिट से इनकार किया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा इस तरह के मामले को उठाकर कोरोना के दौरान सरकार द्वारी की जा रही लापरवाही को छुपाना चाहती है। कांग्रेस रिसर्च विंग के प्रमुख राजीव गौड़ा ने कहा कि AICC रिसर्च डिपार्टमेंट का बताकर BJP फर्जी टूलकिट प्रचारित कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications