ED दफ्तर के बाहर भाजपा कार्यालय का बैनर, रायपुर में यूथ कांग्रेस का तीखा विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा ईडी से पूछताछ के खिलाफ रायपुर में स्थित प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय के सामने यूथ कांग्रेस ने आज विरोध जताया।
रायपुर, 26 जुलाई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा ईडी से पूछताछ के खिलाफ रायपुर में स्थित प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय के सामने यूथ कांग्रेस ने आज विरोध जताया। मंगलवार को जहां एक तरफ प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने धरना प्रदर्शन के जरिये अपना विरोध जताया,तो वहीं यूथ कांग्रेस ने ईडी दफ्तर के बोर्ड के पास भाजपा कार्यालय का बैनर लगा दिया।
सोमवार को यूथ कांग्रेस नेता आशीष मोनू अवस्थी की अगुवाई में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर के पुजारी पार्क स्थित ईडी दफ्तर पहुंचकर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान आशीष मोनू अवस्थी ने कहा कि ईडी एक केंद्रीय एजेंसी होते हुए भी भाजपा के लिए काम कर रही है,इसलिए ईडी ऑफिस भी भाजपा का ही कार्यालय है।

गांधी मैदान में भी दिया गया धरना
दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को नेशनल हेराल्ड केस में ED ने दूसरी दफा पूछताछ के लिए बुलाया है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश इसका विरोध कर रही है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रायपुर के गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास बैठकर सत्याग्रह किया।
कांग्रेस नेता और पार्टी वर्कर्स ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। विधानसभा में प्रश्नकाल खत्म होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी यहां आकर बैठ गए हैं। कांग्रेस से जुड़े लोगों का कहना है कि उनका सत्याग्रह राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ईडी दफ्तर से बाहर निलकते तक जारी रहेगा ।

भाजपा ने बताया नाटक
इधर मंगलवार को रायपुर प्रवास पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संबित पात्रा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड पांच हजार करोड़ के भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला है। कांग्रेस के बड़े वकील इस मामले को खत्म करने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे थे, लेकिन अदालत ने केस खारिज करने से इंकार कर दिया। संबित पात्रा ने कहा कि सोनिया गांधी को इस विषय में सियासत छोड़कर कर ईडी के सामने सत्य बताना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर गांधी परिवार ने कोई घपला घोटाला नहीं किया है तो फिर डरने की क्या आवश्यकता है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ईडी के सामने आज पेशी है। जिस तरह का माहौल कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले को लेकर बना रही है उसे पूरा देश देख रहा है। कांग्रेस सत्याग्रह का नाटक कर रही है,उसे भी सारा देश देख रहा है।

पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने किया पलटवार
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के द्वारा ईडी के संबंध में दिये गये बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपाई अपने इलेक्शन मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (ईडी) के कुकर्मों के बचाव में झूठी दलीलें देते घूम रहे है। संबित पात्रा भाजपा के मिथ्या प्रलापी प्रवक्ता है। झूठ बोलना और गलत बयानी उनकी फितरत है। नेशनल हेराल्ड में 5 हजार करोड़ के घोटाले की बात कहना संबित पात्रा के दोगलेपन की पराकाष्ठा है। नेशनल हेराल्ड एजेएल की कुल परिसंपत्ति इसका दशांश भी नहीं है। नेशनल हेराल्ड और एजेएल को कांग्रेस ने कुल 100 किश्तों में 90 करोड़ रू. का चेक से भुगतान किया जिसका कांग्रेस के खातों में बकायदा ऑडिट भी हुआ जब एजेएल की इक्वीटी जारी हुआ तो इसके बदले में नान प्रॉफिट कंपनी यंग इंडिया में इतने मूल्य के शेयर ट्रांसफर हुये इसमें एक रू. का भी नगदी लेनदेन नहीं हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि जिस नेशनल हेराल्ड अखबार के नाम पर कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने की भाजपा साजिश रच रही है वह नेशनल हेराल्ड और एसोसिएट जर्नल कांग्रेस की बलिदानी परंपरा का प्रमाण है। जब भाजपा के पूर्वज अंग्रेजों की चाटुकारिता कर रहे थे तब कांग्रेस के नेता पं. जवाहर लाल नेहरू, वल्लभ भाई पटेल, रफी अहमद किदवई जैसे नेता नेशनल हेराल्ड अखबार निकाल कर आजादी की अलख देश की जनता तक पहुंचा रहे थे। यह वही नेशनल हेराल्ड है जिसे अंग्रेजों ने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान प्रतिबंधित किया। जिस भारत छोड़ो आंदोलन का भाजपाईयों के पूर्वज विरोध कर रहे थे, उसी भारत छोड़ो आंदोलन के नेशनल हेराल्ड क्रांति की अलख जगा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications