रायबेरलीः दबंगों ने घर में घुसकर लड़की के साथ की रेप की कोशिश, पिता-पुत्री दोनों को पीटा
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में लगातार घट रहे पुलिस के इकबाल का असर जनपदों में दिखने लगा है। कानून व्यवस्था संभालने वाली पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म होता जा रहा है।अपराधी इतने बेखौफ और मनबढ़ हो चुके हैं कि घर मे अकेली रह रही महिलाओं की अस्मत तक सुरक्षित नही रह गई। ताजा मामला रायबरेली जनपद का है, जहां गांव के दबंगों ने एक युवती को घर मे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।

बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब पिता अपनी बेटी को बचाने पहुंचा तो दबंगों ने पिता और पुत्री पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। लेकिन ये सारी वारदात गांव के ही किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली गई, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। फिलहाल घायल पीड़िता और उसके पिता का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घायल पीड़िता ने बताया कि घर पर उसके माता-पिता के ने होने के कारण गांव के कुछ दबंग घर मे घुस आए और मेरे साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगे। जब मैंने इसका विरोध किया और चीखपुकार मचाई तो मेरे पिता मुझे बचाने के लिए आये तो पिता को आता देख दबंगों ने मुझे और मेरे पिता को पीटना शुरू कर दिया और जमकर लाठी डंडों से पीटा।
वहीं पीड़िता के परिजनों ने बताया कि गांव के दबंगों द्वारा लड़की की अस्मत के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई है। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो उसको और उसके पिता को जमकर पीटा गया । जब हम लोग घायल पीड़ित और उसके पिता को थाने ले गए तो वहां पर तैनात दारोग ने हम लोगों के साथ बदतमीजी करते हुए एफआईआर लिखने से मना कर दिया।
साथ ही परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस वालों ने कहा कि सब कुछ पहले से ही बनाकर ले आये हो। वहां पर ऐसा कुछ हुआ ही नहीं, हम लोग देर रात तक न्याय के लिए भटकते रहे। लेकिन न्याय नहीं मिला। वहीं पुलिस के आला अधिकारियों से जब सवाल किया गया तो कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचते दिखे।












Click it and Unblock the Notifications