Sudhir Suri: अमृतसर में शिवसेना नेता की हत्या की वारदात पर पंजाब के DGP बोले- 'गिरफ्त में है आरोपी..'
sudhir suri shiv sena leader news: पंजाब के अमृतसर में आज शिवसेना नेता सुधीर सूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही दबोच लिया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डीजीपी ने कहा, "अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी को एक शख्स ने गोली मार दी थी। नेताजी को अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्हें निशाना बनाने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उसके खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।"

पंजाब के डीजीपी का आया बयान
डीजीपी गौरव यादव ने आगे कहा कि, आरोपी का नाम संदीप सिंह सनी है। उसको मौके से ही गिरफ्त में ले लिया गया था। उससे पूछताछ जारी है। लॉ एंड र्आॅर्डर के सवाल पर डीजीपी ने कहा, "अमृतसर में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मैं भरोसा देता हूं कि गुनहगारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

यह बोले अमृतसर के पुलिस कमिश्नर
डीजीपी से पहले अमृतसर पुलिस कमिश्नर अरूण पाल सिंह का बयान आया था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि, उनके पास 3:30-4 बजे कंट्रोल रूम से कॉल आई थी कि शिवसेना के नेता सुधीर सूरी की गोली मार दी गई है। मौके से पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गरिफ़्तार कर उससे हथियार ज़ब्त कर लिया।' पुलिस कमिश्नर ने कहा कि, वे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, मामले में कार्रवाई जारी है।'

कार में आए शख्स ने चलाईं गोलियां
एक पंजाबी समाचार संस्था की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदूवादी नेता सुधीर सूरी की जान को खतरा था। वह एक मामले के दोषियों को सजा दिलवाने की मांग करते हुए मंदिर के बाहर धरना दे रहे थे। पुलिस अधिकारी उनसे मिलने आए थे। उसी दौरान भीड़ में से एक शख्स ने उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद वह मौके से भागने लगा, मगर उसे दबोच लिया गया। लोगों ने हमलावर की कार को ईंट-पत्थर मारे।

पुलिस की गिरफ्त में है हमलावर
माहौल बिगड़ता देखकर पुलिस ने तुरंत हमलावर को अपनी कस्टडी में ले लिया। उसकी एक फोटो सामने आई है। खबरें आ रही हैं कि, हमलावर को विदेशी चरमपंथी तत्वों की ओर से निर्देशित किया गया था। पंजाब केसरी की खबर कहा गया कि, सूरी को मारने के लिए आई.एस.आई. साजिश रच रही थी। वहीं, एक खालिस्तानी समूह का नाम भी सामने आया है।












Click it and Unblock the Notifications