Punjab Election 2022: चुनाव प्रचार बीच में छोड़कर नवजोत सिद्धू फिर गए वैष्णो देवी, बीवी ने संभाला मोर्चा
चंडीगढ़, 10 फरवरी। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए जहां सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी अपने अंतरकलह से जूझ रही है। नवजोत सिंह सिद्धू ने चरणजीत चन्नी को सीएम का चेहरा बनाने के फैसले को स्वीकार करने का दावा तो जरूर किया है लेकिन ऐसा लगता तो नहीं है क्योंकि नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव प्रचार छोड़कर एक हफ्ते में दूसरी बार वैष्णो देवी के दर्शन के लिए चले गए हैं, जिसके बाद ये चर्चा गर्म है कि सिद्धू कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के फैसले से खुश नहीं है और जानबूझकर वो चुनाव प्रचार से दूर हैं। सिद्धू के इस कदम से पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Recommended Video

नवजोत कौर ने चुनाव प्रचार अभियान का जिम्मा संभाला
आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी जगह उनकी पत्नी नवजोत कौर ने चुनाव प्रचार अभियान का जिम्मा संभाला है। गौरतलब है कि नवजोत कौर भी साल 2012 से 2017 तक अमृतसर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक रही हैं।

सिद्धू का गढ़ रही है यह सीट
वैसे तो अमृतसर ईस्ट की सीट सिद्धू का गढ़ रही है लेकिन इस बार ये लड़ाई आसान नहीं है, उनके खिलाफ इस बार शिरोमणि अकाली दल के दिग्गज नेता बिक्रम सिंह मजीठिया खड़े हैं, जिन पर सिद्धू की पत्नी ने लोगों को भड़काने और धमकाने का आरोप लगाया है।

क्या कहा था नवजोत सिंह सिद्धू ने?
राहुल गांधी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी के फैसले का समर्थन किया था और कहा था कि '17 साल के राजनीतिक करियर में सिद्धू कभी किसी पद के लिए लालायित नहीं रहा, लेकिन हमेशा पंजाब की बेहतरी और उसके लोगों की जिंदगी में सुधार चाहा है।'

क्या कहा सिद्धू की पत्नी ने?
हालांकि भले ही सिद्धू ने कहा कि वो राहुल गांधी के फैसले से खुश हैं लेकिन उनकी पत्नी की बातें कुछ और ही इशारा कर रही हैं। उन्होंने कहा था कि 'किसी को इतने उच्च पद पर चुनने के लिए उसकी एजुकेशन देखनी चाहिए..एक योग्य चेहरा ही होना चाहिए। इस पद के लिए नवजोत सिद्धू सही विकल्प होते।' गौरतलब है कि पंजाब की सभी 117 सीटों पर अब 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, चुनावी नतीजे 10 मार्च को आने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications