CM मान बोले- पंजाब पर 25 साल राज करने की बातें करते थे सुखबीर बादल, अब सिर्फ 3 विधायक हैं
मालेरकोटला। पंजाब में मालेरकोटला उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लिया। मान ने बादल परिवार पर भी तंज कसा। मालेरकोटला में रोड शो निकालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान बोले, "आपको याद होगा कि सुखबीर बादल पंजाब पर 25 साल राज करने की बातें करते थे, लेकिन देखिए अब उनके अकाली दल के पास केवल 3 विधायक हैं। आज चुनाव प्रचार के दौरान अकाली दल के पोस्टरों पर उनके फोटो तक नहीं हैं।"

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, बादल परिवार ने पंजाबियों को कई सपने दिखाए थे, लेकिन काम कहां हुआ। उसी तरह केंद्र की भाजपा सरकार पहले किसान-मजदूरों के खिलाफ कानून लाई और अब देश के नौजवानों के खिलाफ अग्निपथ योजना लेकर आई है, लेकिन इन योजनाओं का क्या लाभ? अब इनका देशभर में विरोध हो रहा है। योजनाएं तो हमारी पार्टी की देखिए, बिजली फ्री, पानी फ्री, एजुकेशन फ्री, महिला-बुजुर्गों को यात्रा फ्री..दिल्ली में आप की सरकार कर चुकी।"

मान ने कहा कि, "आप की सरकार ने पंजाब में महज 3 माह में ही वे काम कर दिखाए, जो अन्य पार्टियों की सरकारें आखिरी तीन माह में करती थीं। रिश्वतखोरी और माफिया राज हमारे निशाने पर है। रिश्वतखोरी बंद हो गई है। भ्रष्टाचारियों को जेलों में बंद किया जा रहा है। आप देख रहे हैं न, कई पूर्व विधायक गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्होंने अपनी सरकारों के समय घपले किए थे।"
यहां मान ने लगातार चौथे दिन राेड शाे किया। उन्हाेंने बरनाला जिले के 9 गांवों और मालेरकोटला जिले में पंजगराईया, बापला, संदौड़, खुर्द, शेरगढ़ चीमा, कुठाला, भूदन, केलों, शेरवानी कोर्ट, मालेरकोटला शहर में रोड शो किया। आज फिर कई इलाकों में जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications