Punjab Accident: पंजाब के फिरोजपुर में दर्दनाक हादसा, कैंटर और पिकअप की टक्कर में 11 लोगों की मौत, 15 घायल
Punjab Accident News: पंजाब के फिरोजपुर जिले में शुक्रवार 31 जनवरी को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि एक पिकअप वैन और कैंटर ट्रक के बीच उस वक्त टक्कर हुई, जब पिकअप वैन वेटरों को लेकर जलालाबाद में एक समारोह में जा रही थी।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे के गोलूका मौड़ के पास करीब 7:45 पर हुआ है। फिलहाल सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, इस हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे पर दुख जताया है।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, 'फिरोजपुर में आज सुबह कैंटर और पिकअप गाड़ी की टक्कर से बड़ा हादसा होने की खबर मिली है, जिसमें शादी समारोह में जा रहे वेटरों की दुखद मौत की खबर मिली है और कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
पंजाब सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इतना ही नहीं, मृतकों के परिवारों को पंजाब सरकार की तरफ से 2-2 लाख की वित्तीय सहायता की घोषणा की गई है। वहीं, फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौम्या मिश्रा ने बताया कि इस हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत "सड़क सुरक्षा बल" (एसएसएफ) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। कुछ गंभीर रूप से घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया, जबकि अन्य को जलालाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने बताया कि घटना के बाद पांच एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रशासन घायलों के इलाज का खर्च उठाएगा। पुलिस ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जो सुबह 8 बजे के आसपास हुई। अधिकारी यह पता लगाने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं कि इतनी भयानक टक्कर कैसे हुई।
इस हादसे पर शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल ने दुख जताया। उन्होंने एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, 'आज सुबह फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय के पास एक घातक सड़क दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों को इस कठिन समय में शक्ति मिले। वहीं, भाजपा नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
ये भी पढ़ें: Bhagwant Mann: पंजाब सीएम भगवंत मान के दिल्ली स्थित घर पर पुलिस का छापा, आतिशी ने किया बड़ा दावा












Click it and Unblock the Notifications