पहली बार जेल में खुलेगा पेट्रोल पंप, मान सरकार इस जिले में कराएगी उद्घाटन
रूपनगर। पंजाब के 'रोपड़ ज़िले' में जेल का पहला पेट्रोल पंप खुलेगा। इसके लिए पंजाब सरकार ने जेल विभाग को यह प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्देश दिया है। इस प्रोजेक्ट के तहत जेलों की भूमि पर पहले पेट्रोल पंप की शुरूआत आगामी 2 सितम्बर को रोपड़ जेल से शुरू होने जा रही है। जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस बारे में जानकारी दी।

इस जिले में बनेगा जेल का पहला पेट्रोल पम्प
जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि, रोपड़ जेल के बाद लुधियाना और फिरोजपुर में पेट्रोल पंप शुरू किए जाएंगे और उसके बाद शेष 10 पंप एक-एक कर शुरू किए जाएंगे। मंत्री हरजोत सिंह ने इससे पहले कहा था कि, हमारे यहां की जेलों में वीआईपी ट्रीटमेंट अब नहीं मिलेगा। कानून-कायदे का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। खासकर, मोबाइल मिलने की अब संभावना नहीं है। ऐसी शिकायतों पर सख्त ऐक्शन लिया जाएगा।

पहले पेट्रोल पंप की शुरूआत रोपड़ जेल से
जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस जेलों की भूमि पर पेट्रोल पंप शुरू करने के बारे में बताया कि, सरकार ने जेल विभाग को अपने पैरों पर खड़ा करने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। जिसके चलते जेलों की भूमि पर पहले पेट्रोल पंप की शुरूआत रोपड़ जेल से शुरू होने जा रही है। बताया जा रहा है कि, जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ही उस पेट्रोल पम्प का उद्घाटन करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि जेल विभाग इस कारोबार से प्रतिमाह 40 लाख रुपए की कमाई कर सकेगा।

इंडियन ऑयल से हुआ समझौता
सूत्रों के अनुसार, जेलों द्वारा की जाने वाली कमाई अब पंजाब सरकार के पास नहीं, बल्कि जेलों के पास ही रहेगी। यहां की सरकार तेलंगाना के जेल मॉडल को आधार रखकर जेलों में व्यापारिक गतिविधियां शुरू कर रही है। बताया जा रहा है कि, तेलंगाना को जेलों की व्यापारिक गतिविधियों से 600 करोड़ रुपए की सालाना आय होती है।
मालूम हेा कि, इंडियन ऑयल द्वारा पंजाब की जेलों की भूमि पर 12 पेट्रोल पंप खोलने का समझौता पिछले साल हुआ था।

इन जिलों में खुलेंगे पेट्रोल पंप
इंडियन ऑयल की ओर से जिन 12 जेलों की भूमि पर पेट्रोल पंप खुलेंगे, उनमें रोपड़, गुरदासपुर, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, लुधियाना, अमृतसर, संगरूर शामिल हैं। इनके अलावा 5 अन्य जेलों में भी पेट्रोल पंप खोले जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि, इंडियन ऑयल जेलों की भूमि पर लगे पंपों का किराया भी देगा और बिक्री हुए तेल में से कमिशन भी मिलेगा। आमदन की यह राशि ढंग से खर्च की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications