दिल्ली के CM पंजाब आकर बोले- पूरे देश में केवल 1 आदमी आपके बिजली बिल को जीरो पर ला सकता है
लुधियाना। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब आए। यहां केजरीवाल ने बहुत से वादे किए। उन्होंने यहां बिजली बिलों को जीरो पर ले आने की बात कही। केजरीवाल बोले, "पूरे देश में केवल एक आदमी (अरविंद केजरीवाल) आपके बिजली बिल को जीरो पर ला सकता है..ये हमने दिल्ली में कर दिखाया। पंजाब में भी करेंगे।
चुनावों की तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए उन्होंने विरोधियों पर भी खूब निशाना साधा। केजरीवाल ने पंजाब के सबसे बड़े जिले लुधियाना में कहा कि, मैं पिछले कुछ दिन से देख रहा हूं कि पंजाब में एक नकली केजरीवाल भी घूम रहा है...यूं कि मैं पंजाब में आकर जो भी वादा करके जाता हूं, वो दो दिन बाद वो ही बोल देता है। लेकिन असल में करता नहीं है, क्योंकि नकली है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी दिल्ली की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि, दिल्ली में हमने बहुत बढ़िया काम किए..इसलिए जनता ने दोबारा मौका दिया, दोबारा में भी हमें बहुत सीटें मिलीं।' लुधियाना में ऑटो रिक्शा यूनियन से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने यह भी कहा कि, जब पहली बार हमारी सरकार बनी तो उसमें 70% योगदान ऑटो और टैक्सी वालों का था। वहां हमें बहुत सपोर्ट मिला था। अब जब आप यहां सब इकट्ठे हो जाएंगे तो किसी भी पार्टी को जिता या हरा सकते हैं।

आप के संयोजक केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री को चेताते हुए बोले, "सीएम चन्नी सावधान रहें...इस बार पंजाब में घर के अंदर की महिलाएं तय करेंगी कि किसे वोट देना है।"

मालूम हो कि, केजरीवाल ने पंजाब में चुनाव जीतने पर हर पंजाबी को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का ऐलान किया। इसके अलावा उन्होंने पंजाब में 24 घंटे बिजली देने और पुराने सभी बकाया घरेलू बिल माफ करने का भी वादा किया। चूंकि, दिल्ली के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब में सबसे मजबूत मानी जाती है। यहां के पिछले विधानसभा चुनाव में आप ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई थी। आप का पंजाब में लोकसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन हुआ था। इस बार आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। उनका प्रयास है कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी आप सरकार बनाए।












Click it and Unblock the Notifications