राघव चड्ढा को राज्यसभा भेजने पर आप पर कांग्रेस खफा, नेता बोले- ऐसा करना जनादेश का अपमान
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) अपने युवा नेता राघव चड्ढा को पंजाब से राज्यसभा भेज रही है। राघव चड्ढा दिल्ली से लोकसभा के सांसद बनने के लिए चुनाव लड़े थे। हालांकि, जीत नहीं पाए। अब उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेजने के 'आप' के फैसले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस इससे खफा है। कांग्रेसी नेताओं ने इस पर ऐतराज जताया है।

'आप' के राज्यसभा उम्मीदवारों पर कांग्रेस के सुखपाल खैरा ने कहा कि, यहां से गैर-पंजाबी को राज्यसभा पहुंचाना जनादेश का अपमान है...हम हरभजन सिंह के नाम का स्वागत करते हैं, लेकिन चड्ढा (राघव चड्ढा) सहित अन्य नामों का नहीं...पंजाब में बाहर से किसी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। यहां, अपना पक्ष रखने के लिए यह मान (सीएम) की परीक्षा है..क्या वे पंजाब से बाहर के लोगों को स्वीकार करेंगे?'
कांग्रेस के प्रताप बाजवा ने कहा कि, जनता ने उन्हें (आप को) जिताया। इसलिए उनके प्रतिनिधि चुने गए, राज्यसभा में नामांकित करने का उनका अधिकार है। उनके पास ताकत थी, इसलिए उन्होंने अपने लोगों को चुना, चाहे अंदर से या बाहर से, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता...। मगर कहता हूं कि, पहला दिन रचनात्मक विपक्ष का होना चाहिए, विरोध मेरा काम नहीं।

मालूम हो कि, आज आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए पंजाब से पांच नामों का ऐलान कर दिया है। इनमें पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, दिल्ली के विधायक और पंजाब के सह-प्रभारी राघव चड्ढा, डॉ. संदीप पाठक, संजीव अरोड़ा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल का नाम शामिल है। अब जिन पांच सीटों के लिए चुनाव होगा, वो अगले महीने खाली होने जा रही हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था।












Click it and Unblock the Notifications