पंजाब उपचुनाव के लिए सीएम मान का प्रचार तेज, कहा- 'इन्हें जिताओ, मांगे हम पूरी करेंगे'
Punjab By-Poll: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार गुरदीप रंधावा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए आप उम्मीदवार को वोट करने की अपील की।
सीएम मान ने दावा किया कि इस बार डेरा बाबा नानक में इस बार सबका सफाया कर देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी सर्वे रिपोर्ट हमारी जीत का संकेत दे रहे हैं। कांग्रेस को हराने का फैसला कर लिया है, क्योंकि उन्होंने कोई काम नहीं किया है और स्थानीय लोगों के खिलाफ केवल झूठे मुकदमे दर्ज किए हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक सुखजिंदर रंधावा पर हमला करते हुए कहा कि वह जल्द ही उनके सभी कुकृत्यों का पर्दाफाश करेंगे।

मान ने कहा कि सत्ता में रहते हुए सुखजिंदर रंधावा ने गुरदासपुर से अमृतसर तक कई सौ करोड़ की संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की। मेरे पास रंधावा के खिलाफ फाइलें हैं। कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा पर हमला करते हुए सीएम मान ने कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री रहते हुए उन्होंने पंजाब में सबसे ज्यादा टोल प्लाजा स्थापित किए।
आप सरकार ने विधायकों की पेंशन बंद की
आगे उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले हमने विधायकों की अधिक पेंशनें बंद कीं। एक विधायक को एक पेंशन वाला कानून लाए। जबकि मुलाजिम 58 की उम्र में रिटायर होते हैं तो उन्हें एक पेंशन मिलती है, और ये विधायक 7-7 लिए घूमते थे।
हम पूरी करेंगे मांगे- CM Mann
उन्होंने अपील करते हुए कहा, कलानौर वासियों, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरदीप सिंह रंधावा का मशीन के ऊपर पहले नंबर पर बटन है और आना भी हमने पहले नंबर पर है। बड़ी संख्या में वोट देकर आप सरकार में अपना हिस्सा डालें। आपकी सभी मांगें हम पूरी करेंगे। हलका डेरा बाबा नानक से गुरदीप सिंह रंधावा आपके उम्मीदवार हैं, इन्हें जिताओ, ये अर्ज़ी लेकर आएंगे जिसमें काम आपके होंगे और साइन मेरे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications